डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो भारत दौरे पर हैं। उनका जन्मदिन 28 मई को होता है। लेकिन उनके बर्थडे का प्री सेलीब्रेशन भारत में किया गया। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर द्वारा मंच पर आमंत्रित किए जाने के बाद रुबियो ने एक विशाल चार मंजिला केक काटा, जबकि मशहूर अमेरिकी डिस्को ग्रुप ‘विलेज पीपल’ ने उनके लिए ‘हैप्पी बर्थडे’ गाया।
यह समारोह भारत मंडपम में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम का हिस्सा रहा, जहां गोर, रुबियो और विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मनाई जा गई।
मुझे भारत से प्यार है, पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं- ट्रंप
कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ऑनलाइन जुड़े। उन्होंने वर्चुअल जो कुछ कहा वह हर भारतीय का दिल जीत लेने के लिए काफी था। ट्रंप ने वीडियो कॉल पर कहा, “मुझे भारत से प्यार है। आपको (राजदूत गोर) हमारे देश के प्रतिनिधि के तौर पर एक अच्छा भाषण देना होगा। मैं बस सभी को हेलो कहना चाहता हूं। मैं प्रधानमंत्री (मोदी) को बहुत पसंद करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी महान हैं, वह मेरे दोस्त हैं।”
ट्रंप ने कहा, “हम भारत के इतने करीब पहले कभी नहीं रहे। भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो उन्हें पता है कि किसे फोन करना है। वे सीधे यहीं फोन कर सकते हैं। हम अच्छा कर रहे हैं। हम रिकार्ड बना रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था रिकार्ड स्तर पर है, शेयर बाजार रिकार्ड स्तर पर हैं और भारत जो कुछ भी पाना चाहता है, उसे मिल जाता है। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत-बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।”
रूबियो की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, “मार्को हमारे देश के इतिहास में सबसे महान विदेश मंत्री के तौर पर याद किए जाएंगे।” गौरतलब है कि अमेरिका को चार जुलाई, 1776 को ब्रिटेन से आजादी मिली थी। कार्यक्रम में आस्कर पुरस्कार विजेता संगीतकार एआर रहमान ने शानदार प्रस्तुति दी, जिसमें उनका मशहूर गीत ‘जय हो’ मुख्य आकर्षण रहा।