• Sun. May 24th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं’, भारतीयों के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी पर बोले मार्को रूबियो

Byadmin

May 24, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो चार दिन की भारत यात्रा पर आए हैं। रूबियो ने भारत आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मार्को रूबियो की पीएम मोदी के साथ बातचीत की फोटो भी सामने आईं।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अपने देश के कुछ लोगों को बेवकूफ बताया। रूबियो की ये टिप्पणियां आज दोपहर नई दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में आईं।

‘हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं’

मार्को रूबियो से जब प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारतीयों और भारतीय-अमेरिकियों के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणियों की घटनाओं को लेकर सवाल किया गया, तब अमेरिकी विदेश मंत्री ने ऐसी घटनाओं को ‘बेवकूफी भरी’ बातें कहकर खारिज कर दिया।

मार्को रूबियो ने कहा, ‘मैं इन टिप्पणियों को बहुत गंभीरता से लेता हूं। मुझे यकीन है कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन और दूसरी जगहों पर ऐसी टिप्पणियां की हैं, क्योंकि दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं। मुझे यकीन है कि यहां भी बेवकूफ लोग हैं, अमेरिका में भी बेवकूफ लोग हैं जो हर समय बेवकूफी भरी टिप्पणियां करते रहते हैं।’

मार्को रूबियो ने आगे जोर देकर कहा, ‘अमेरिका एक बहुत ही मेहमाननवाज देश है। हमारा देश उन लोगों से समृद्ध हुआ है जो दुनिया भर से हमारे देश में आए, अमेरिकी बने, हमारी जीवन शैली में घुलमिल गए और इसमें बहुत बड़ा योगदान दिया।’

नए वीजा नियमों पर बोले रूबियो

रूबियो ने अमेरिका की उस नई नीति से जुड़े सवालों के भी जवाब दिए, जिसके तहत अमेरिका में पहले से ही कानूनी रूप से रह रहे प्रवासियों को पहले देश छोड़कर जाना होता है और फिर विदेश से स्थायी नागरिकता (परमानेंट रेजिडेंसी) के लिए आवेदन करना होता है।

मार्को रूबियो ने कहा, ‘इस तरह के बदलाव प्रवासन प्रणाली को आधुनिक बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा हैं और ये सिर्फ भारत के लिए नहीं हैं।

रूबियो ने आगे बताया, ‘अमेरिका में प्रवासन का संकट रहा है। यह भारत की वजह से नहीं है, बल्कि मोटे तौर पर पिछले कुछ सालों में 2 करोड़ से ज्यादा लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुस आए हैं और हमें इस चुनौती से निपटना पड़ा है। मेरा मानना है कि प्रवासन के मामले में अमेरिका दुनिया का सबसे मेहमाननवाज देश है।’

By admin