• Sun. Nov 2nd, 2025

24×7 Live News

Apdin News

हैदराबाद में GHMC की 51 साल की महिला कर्मचारी से फुट ओवर ब्रिज पर दुष्कर्म, आरोपी वॉचमैन गिरफ्तार

Byadmin

Nov 2, 2025


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महानगरपालिका की एक 51 वर्षीय महिला कर्मचारी के साथ रेप का मामला सामने आया है। दुष्कर्म को अंजाम देने वाला 45 वर्षीय आरोपी पेशे से वॉचमैन है। उसने नशे की हालत में महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में रखा गया है।

यह मामला शुक्रवार की सुबह का है। पीड़िता ग्रेटर हैदराबाद महानगरपालिका (GHMC) की सफाई कर्मचारी है। घटना के दौरान भी महिला काम पर जा रही थी। तभी फुटओवर ब्रिज पर आरोपी ने महिला का रेप किया। घटना के बाद महिला ने परिवार को इसकी जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

तड़के 4 बजे की घटना

बोराबंदा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता एजी कॉलोनी में सफाई करने के लिए सुबह 4 बजे घर से निकली थी। कॉलोनी में पहुंचने के लिए उसे ESI अस्पताल के पास बना फुटओवर ब्रिज पार करना पड़ता है। इसी दौरान आरोपी ने महिला का दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा-

फुटओवर ब्रिज पर आरोपी ने महिला को जबरन पकड़ लिया। उसने महिला को चोट पहुंचाने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया और फिर मौके से फरार हो गया।

CCTV से हुई पहचान

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए और आरोपी की पहचान कर ली। आरोपी संतानगर स्थित मॉडल कॉलोनी का वॉचमैन है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत रेप का मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सेना की महिला मेजर से दुष्कर्म, शादी समारोह में हुई थी दोस्ती; युवक के खिलाफ FIR दर्ज

By admin