• Thu. Feb 27th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Latest Prashant Kishor News,पीके का ‘रण’ फिर शुरू! बिहार चुनाव से पहले तमिलनाडु क्यों पहुंचे प्रशांत किशोर, जानिए इनसाइड स्टोरी – prashant kishor will make strategy for actor vijay s party tvk in tamil nadu elections know inside story

Byadmin

Feb 27, 2025


पटना: चुनावी रणनीति से संन्यास लेकर अपनी पार्टी ‘जन सुराज’ बनाने वाले प्रशांत किशोर अब तमिलनाडु की ‘रणभूमि’ में रणनीति बनाते नजर आएंगे। प्रशांत किशोर (पीके) इस बार तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके के लिए 2026 के विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में पीके ने अपनी नई भूमिका की घोषणा की और दावा किया कि वे विजय की पार्टी को चुनावी जीत दिलाएंगे। पीके के ऐलान के बाद सवाल उठने लगा है- क्या प्रशांत किशोर चुनावी रणनीतिकार के रूप में वापसी कर रहे हैं?

क्या प्रशांत किशोर अपने पुराने काम में लौटे?

दरअसल प्रशांत किशोर ने चुनावी रणनीति से संन्यास लेकर बिहार में अपनी पार्टी ‘जन सुराज’ बनाई थी। बिहार में प्रशांत किशोर ने उपचुनाव भी लड़ा। हालांकि उनकी पार्टी को सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशांत किशोर ने तमिलनाडु का रुख किया है। तमिलनाडु में फिल्म स्टार थलापति विजय की पार्टी टीवीके के लिए पीके रणनीति बनाएंगे। उनके इस फैसले से सवाल उठने लगा कि क्या प्रशांत किशोर फिर राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में वापसी कर रहे हैं? इसका जवाब भी प्रशांत किशोर ने बिहार में खुद दिया।

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने अपना काम नहीं छोड़ा है। बिहार में भी उनकी पार्टी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी। पार्टी इसकी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए फंड की व्यवस्था काम करने से होगी।

पीके अपना पेशा क्यों नहीं छोड़ेंगे?

बिहार की राजनीति के जानकार वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश अश्क ने प्रशांत किशोर के तमिलनाडु की राजनीति में कदम रखने पर अपनी राय दी है। ओम प्रकाश अश्क का मानना है कि प्रशांत किशोर एक चुनावी रणनीतिकार हैं। वह बिहार में चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अपना पेशा नहीं छोड़ेंगे। चुनावी रणनीति बनाने से उन्हें पैसा मिलता है। इसलिए TVK के लिए काम करना उनका पेशा है। इससे बिहार के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जन सुराज पार्टी के लोग बिहार में काम कर रहे हैं। प्रशांत किशोर भी बिहार में मीटिंग कर रहे हैं।

धोनी से भी ज़्यादा मशहूर बनूंगा: प्रशांत किशोर

इसके पहले चेन्नई में टीवीके के एक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने अपने अंदाज़ में कहा, ‘मैं तमिलनाडु में एमएस धोनी के बाद दूसरा सबसे लोकप्रिय बिहारी हूं। लेकिन विजय को चुनाव जिताकर मैं धोनी से भी ज़्यादा मशहूर हो जाऊंगा।’ उन्होंने क्रिकेटर धोनी की तुलना अपनी रणनीति से करते हुए कहा कि जैसे धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को कई बार चैंपियन बनाया, वैसे ही वे विजय की पार्टी को चुनावी जीत दिलाएंगे।

चुनावी रणनीति के लिए पीके को मिला विशेष सलाहकार का पद

तमिलनाडु में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं, और इसी को ध्यान में रखते हुए विजय ने प्रशांत किशोर को अपनी पार्टी का विशेष सलाहकार नियुक्त किया है। पीके अब टीवीके के लिए चुनावी रणनीति तैयार करेंगे और पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

By admin