• Fri. Sep 27th, 2024

24×7 Live News

Apdin News

Weather: अचानक तेज बारिश से मुंबई का हाल बेहाल, आज मिलेगी राहत या नहीं… IMD ने दिया अपडेट

Byadmin

Sep 26, 2024


मुंबई में बुधवार की शाम अचानक शुरू हुई तेज वर्षा से लोगों की परेशानी बढ़ गई। इसके चलते जगह-जगह जलभराव एवं ट्रैफिक जाम हो गया। शाम को शुरू हुई वर्षा से अपने कार्यालय से घर लौट रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मुंबई ठाणे रायगढ़ एवं रत्नागिरि जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई के सभी स्कूल कालेज गुरुवार को बंद रहेंगे।

 राज्य ब्यूरो, मुंबई। मुंबई में बुधवार की शाम अचानक शुरू हुई तेज वर्षा से लोगों की परेशानी बढ़ गई। इसके चलते जगह-जगह जलभराव एवं ट्रैफिक जाम हो गया। शाम को शुरू हुई वर्षा से अपने कार्यालय से घर लौट रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ एवं रत्नागिरि जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई के सभी स्कूल कालेज गुरुवार को बंद रहेंगे। मुंबई आने वाली कम से कम 14 उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। वर्षा से मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं के साथ सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।

बारिश के कारण हालात खराब

बीएमसी के अनुसार, मुंबई, पूर्वी उपनगरों और पश्चिमी उपनगरों में शाम पांच बजे से रात 10 बजे के बीच क्रमश: 87.79 मिमी, 167.48 मिमी और 95.57 मिमी वर्षा हुई। भांडुप में 275 मिमी और पवई क्षेत्र में 274 मिमी वर्षा हुई। सेवरी कोलीवाड़ा और वडाला क्षेत्र में 145 मिमी से अधिक वर्षा हुई।

बुधवार दोपहर बाद तक मौसम साफ था और धूप निकली हुई थी। लेकिन, सूर्यास्त से कुछ पहले शाम पांच बजे के आसपास अचानक पूरी मुंबई में घने बादलों के कारण अंधेरा छा गया और छह बजे से तेज वर्षा शुरू हो गई, जो रात तक चलती रही। पहाड़ी क्षेत्रों विशेषकर रत्नागिरी और रायगढ़ में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

घाटकोपर, सायन, मुलुंड आदि स्टेशनों पर ट्रैक पर पानी भर जाने से मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं ठप पड़ गई हैं। स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। वर्षा के दौरान डोम्बिवली के कांबा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई।

उत्तराखंड और हिमाचल में झमाझम वर्षा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में कई दिनों बाद बुधवार को झमाझम वर्षा हुई। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में थल-सातशिलिंग राजमार्ग का 50-60 मीटर हिस्सा नागीमल मंदिर के पास रामगंगा नदी में समा गया। इस मार्ग में आवागमन पूरी तरह से ठप हो चुका है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में गुरुवार को भी आंशिक बादल छाये रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

हिमाचल में कई जगह बारिश का अलर्ट जारी

वहीं, धर्मशाला संवाददाता के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में भी तेज वर्षा हुई है। मानसून के फिर सक्रिय होने से तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। शिमला का तापमान 30 साल बाद 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो बुधवार को मौसम बदलने से 24.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, मंडी व कांगड़ा में गुरुवार के लिए कई स्थानों पर वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

By admin