इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के कोच सरफ़राज़ अहमद के फ़ोन इस्तेमाल करने पर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं
बीते रविवार को ज़िम्बाब्वे में चल रहे अंडर-19 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर सेमीफ़ाइनल में प्रवेश किया.
लेकिन पाकिस्तान के प्रदर्शन के साथ-साथ एक और बात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.
मैच के दौरान लिए गए लाइव फ़ुटेज में पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान और अंडर-19 टीम के मैनेजर और मेंटर सरफ़राज़ अहमद लगातार फ़ोन इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिए और यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने पूछा कि सरफ़राज़ अहमद प्लेयर्स एंड मैच ऑफ़िशियल्स एरिया में बैठे हुए मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल कैसे कर रहे थे.
कुछ लोगों का कहना है कि आईसीसी नियमों का ये उल्लंघन है.
तो क्या सरफ़राज़ अहमद ने किसी नियम का उल्लंघन किया है? इस बारे में आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?
सोशल मीडिया यूज़र्स ने उठाए सवाल
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, सरफ़राज़ अहमद को ज़िम्बाब्वे में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए मैनेजर और मेंटर नियुक्त किया गया है
सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने सरफ़राज़ अहमद के फ़ोन इस्तेमाल करने पर अपनी राय ज़ाहिर की है.
विपिन तिवारी नाम के एक यूज़र ने सरफ़राज़ अहमद की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आईसीसी द्वारा प्लेयर्स एंड मैच ऑफ़िशियल्स एरिया (पीएमओए) में संचार उपकरणों के इस्तेमाल पर सख़्त प्रतिबंध के बावजूद, अंडर-19 मैच के दौरान सरफ़राज़ के फ़ोन इस्तेमाल पर सवाल उठाए जा रहे हैं.”
एक अन्य यूज़र ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए.
एक अन्य यूज़र ने लिखा, “ये नियम मैच में किसी भी तरह के बाहरी प्रभाव या मैच फ़िक्सिंग को रोकने के लिए बनाए गए हैं. ‘क्या कोई इसे देख रहा है’?”
विकेटकीपर और पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेट कप्तान सरफ़राज़ अहमद भी पाकिस्तान अंडर-19 टीम के साथ ज़िम्बाब्वे में मौजूद थे.
पीसीबी द्वारा 18 दिसंबर को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, सरफ़राज़ अहमद को ज़िम्बाब्वे में होने वाली ट्राई-सिरीज़ और अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए मैनेजर और मेंटर के रूप में नामित किया गया है.
आईसीसी के नियमों के मुताबिक़, टीम मैनेजर के रूप में उन्हें टीम के खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र में मोबाइल डिवाइस ले जाने और मैच के दौरान इसका उपयोग करने की अनुमति है.
क्या हैं आईसीसी के नियम?
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, केवल आईसीसी द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही पीएमओए में प्रवेश कर सकते हैं
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार, पीएमओए के अंदर किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान फ़ोन या इंटरनेट इस्तेमाल करने के बारे में स्पष्ट नियम तय किए गए हैं.
इसमें कहा गया है कि इन नियमों का उद्देश्य न केवल खेल प्रतिभागियों को किसी भी बाहरी व्यक्ति द्वारा संपर्क किए जाने से बचाना है, बल्कि खिलाड़ियों या अधिकारियों द्वारा अनजाने में किसी भी अंदरूनी जानकारी को साझा करने की संभावना को भी ख़त्म करना है.
आईसीसी नियमों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान, पीएमओए में टीमों और मैच अधिकारियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले ड्रेसिंग रूम, टीमों के मैच देखने के क्षेत्र (डगआउट सहित), किसी भी अंपायर या मैच रेफ़री द्वारा उपयोग किए जाने वाले ऑपरेशनल रूम, टीमों और मैच अधिकारियों द्वारा उपयोग किया जाने वाला डाइनिंग एरिया शामिल होता है.
इसके अतिरिक्त, आईसीसी भ्रष्टाचार विरोधी प्रबंधक द्वारा निर्धारित कोई अन्य क्षेत्र भी इसमें शामिल किया जा सकता है.
केवल आईसीसी द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही पीएमओए में प्रवेश कर सकते हैं और उन्हें आईसीसी द्वारा जारी किया गया मान्यता पत्र पहनना अनिवार्य है.
आईसीसी के नियमों के अनुसार, पीएमओए में उपस्थित किसी भी खिलाड़ी को किसी भी प्रकार के संचार उपकरण रखने या उपयोग करने की अनुमति नहीं है. इसके अलावा, खिलाड़ी एवं अधिकारियों के लिए क्षेत्र में लैंडलाइन फ़ोन का उपयोग भी प्रतिबंधित है.
हालांकि, इस कानून में कुछ अपवाद भी दिए गए हैं .
आईसीसी के नियमों के अनुसार, प्रत्येक टीम मैनेजर को पीएमओए के भीतर एक मोबाइल डिवाइस ले जाने की अनुमति है, लेकिन इसके लिए शर्त यह है कि इस मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल केवल क्रिकेट संचालन के उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.
इसके अलावा, टीम के मीडिया मैनेजर और सुरक्षा प्रबंधक को भी खिलाड़ियों के क्षेत्र में फ़ोन ले जाने की अनुमति है, लेकिन वे उनका उपयोग नहीं कर सकते हैं.
आईसीसी के नियमों के अनुसार, टीम मैनेजर और टीम के सात सहायक सदस्य भी लैपटॉप ले जा सकते हैं जिनका उपयोग वे क्रिकेट संबंधी कार्यों के लिए कर सकते हैं.
रविवार के मैच में क्या हुआ था?
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, रविवार को भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को हराते हुए सेमीफ़ाइनल में प्रवेश कर लिया
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है.
रविवार, एक फ़रवरी को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के ‘सुपर सिक्स’ मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हरा दिया था.
हालांकि मैच का नतीजा आने से पहले ही भारत ने नेट रनरेट के ज़रिए सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया था.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पाकिस्तान को सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए 253 रनों के लक्ष्य को 33.3 ओवरों में ही पूरा करना था लेकिन उसकी पूरी टीम 46.2 ओवरों में 194 रनों पर ऑल आउट हो गई.
भारत की ओर से कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए.
वहीं पाकिस्तान की ओर से उस्मान ख़ान ने सबसे ज़्यादा 92 गेंदों पर 66 रन बनाए.
भारत अब 4 फ़रवरी को अफ़ग़ानिस्तान के साथ सेमीफ़ाइनल खेलेगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित