• Sun. Jun 15th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

अंबाला चंडीगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट,अंबाला से चंडीगढ़ के बीच चलाई जाए मेट्रो, अनिल विज की मनोहर लाल खट्टर से मांग, जानें क्या जवाब मिला – anil vij urges centre minister manohar lal khattar for ambala chandigarh metro seeks relief from traffic woes

Byadmin

Jun 15, 2025


चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान अनिल विज ने अंबाला और चंडीगढ़ के बीच मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने इस पर त्वरित कार्रवाई की अपील की। अनिल विज ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश होने के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा दोनों की राजधानी है। इस कारण यह क्षेत्र एक प्रमुख ट्रांजिट हब बन चुका है। रोजाना सैकड़ों लोग अंबाला और चंडीगढ़ के बीच आवाजाही करते हैं, जिससे इस मार्ग पर अत्यधिक ट्रैफिक रहता है। उन्होंने कहा कि अंबाला-चंडीगढ़ सड़क पर दिनभर भारी यातायात रहता है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है।
विज ने कहा कि वर्तमान में इस मार्ग पर सिर्फ सड़क परिवहन ही विकल्प है, लेकिन यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में मेट्रो सेवा एक अत्यंत आवश्यक और व्यवहारिक विकल्प बन सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर मेट्रो सेवा शुरू होती है तो न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। साथ ही लोगों को समय और सुविधा दोनों में राहत मिलेगी।

मनोहर लाल ने दिया आश्वासन
विज ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस मुद्दे की गंभीरता से अवगत कराया और मांग की कि अंबाला से चंडीगढ़ के बीच मेट्रो सेवा के लिए जल्द से जल्द एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करवाई जाए और इस पर त्वरित कार्यवाही की जाए। इस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और जल्द ही केंद्र सरकार संबंधित विभागों के साथ इस प्रस्ताव पर कार्य शुरू करेगी।


लोगों को मिलेगी राहत

विज की इस पहल को क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि अंबाला और चंडीगढ़ के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से यात्री सुविधा में भारी सुधार होगा और क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा। माना जा रहा है कि यह परियोजना भविष्य में न केवल हरियाणा और पंजाब के आपसी समन्वय को मजबूत करेगी, बल्कि चंडीगढ़ को एक मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

By admin