इमेज स्रोत, @ANI
इसराइल के ख़िलाफ़ जनमत को प्रभावित करने के नेतन्याहू के आरोपों को क़तर ने ख़ारिज किया है.
क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने माजेद अल-अंसारी ने एक्स पर लिखा, “हम संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन के दौरान इसराइल के प्रधानमंत्री बिंयामिन नेतन्याहू की ओर से लगाए गए उस आरोप को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं, जिसमें उन्होंने कहा कि क़तर, इसराइल के ख़िलाफ़ जनमत को प्रभावित करने का अभियान चला रहा है.”
“क़तर के ख़िलाफ़ जारी यह बयानबाजी क़ब्ज़े वाले फ़लस्तीनी क्षेत्रों में उनकी सरकार की ओर से किए गए अत्याचारों और उनके गंभीर मानवीय परिणामों से ध्यान भटकाने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं है.”
माजेद अल-अंसारी ने लिखा, “अगर नेतन्याहू और इसराइल के अन्य कट्टरपंथी नेता, जिन्हें तेजी से खाली सभागारों को संबोधित करना पड़ रहा है, वो चाहते हैं कि दुनिया इसराइल को अलग नज़रिए से देखे, तो उन्हें सबसे पहले अपनी नीतियों में बदलाव करना चाहिए, अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन रोकने चाहिए और उसका सम्मान करना चाहिए.”
उन्होंने आगे लिखा, “उन्हें उन लोगों के प्रति जवाबदेही तय करनी चाहिए, जिन्होंने उन्हें चुना है, न कि इसराइल की बिगड़ती वैश्विक छवि के लिए किसी को बलि का बकरा तलाशना चाहिए.”