इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिकी सेना ने ईरान के लाराक द्वीप पर दो ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.
अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
जुलाई के बाद ईरान पर अमेरिका का यह पहला ज्ञात हमला है.
बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कमांडर टिम हॉकिन्स के हवाले से बताया, “ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को होर्मुज़ स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंगों के साथ रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते देखा गया था.”
आईआरजीसी ने कहा कि रविवार के हमले में कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं.
उसने इस हमले के जवाब में “जवाबी कार्रवाई और सजा” देने की धमकी दी.
इसके बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने ख़बर दी कि आईआरजीसी ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है.
बीबीसी ने इस बारे में अमेरिकी सेंट्रल कमांड से प्रतिक्रिया मांगी है.
आईआरजीसी के इस बयान के कुछ ही देर बाद जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने आठ मिसाइलों को गिराया है.
जॉर्डन की सशस्त्र सेनाओं ने एक बयान में कहा, “आज सोमवार तड़के वायु रक्षा प्रणालियों ने आठ मिसाइलों को रोक दिया, जिन्होंने जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था.”
सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा ने सेना के प्रवक्ता के हवाले से यह जानकारी दी.
जुलाई के अंत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान रोकने का एलान किया था, उसके बाद ईरान पर अमेरिका का यह पहला ज्ञात हमला है.