आंध्र प्रदेश के पलानाडु में ग्रेनाइट की खदान में हुए दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई जबकि दस घायल हो गए। मृतकों में सभी ओडिशा के रहने वाले थे। खदान में काम कर रहे एक मजदूर के अनुसार ड्रिलिंग के दौरान चट्टान गिरने से यह दुर्घटना हुई।
एएनआई, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के पलानाडु में रविवार को दर्दनाक खदान हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। हादसा ग्रेनाइट की खदान में हुआ. हादसे में दस अन्य मजदूर भी घायल भी हुए हैं. घायलों में से कुछ मजदूरों की हालत गंभीर है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी मजदूर ओडिशा के रहने वाले थे. हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
करीब 16 मजदूर खदान में कर रहे थे काम
इस घटना पर खदान मजदूरों में से एक, राघव ने कहा, “मैं ओडिशा से हूं और हम खदान में काम कर रहे थे। आज सुबह लगभग 9.30 बजे, ड्रिलिंग के दौरान, ऊपर से चट्टान गिर गई और एक दुर्घटना हुई, जिसमें लोग घायल हो गए। वहां 16 लोग काम कर रहे थे। कलेक्टर ने हमसे मुलाकात की और घायलों से बात की और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।”
जानकारी के मुताबिक, मलबे में फंसे दो मजदूरों के शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है. वहीं अन्य चार मजदूरों के शवों को निकाला जा चुका है। हादसे में घायल होने वाले मजदूरों को नरसारावपेट के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।