इमेज स्रोत, Samir Jana/ Hindustan Times via Getty Images
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चुनाव आयोग की ओर से फिर से मतदान का आदेश इसलिए दिया गया क्योंकि 29 अप्रैल को हुए मतदान में ‘गंभीर चुनावी गड़बड़ियां और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बिगाड़ने की घटनाएं’ सामने आई थीं.
आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उसने मुख्य चुनाव अधिकारी, ज़िला चुनाव अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारियों की रिपोर्टों को ध्यान से देखा. साथ ही पर्यवेक्षकों की राय जानी और उपलब्ध दस्तावेज़ों को भी जांचा, उसके बाद यह फ़ैसला लिया गया.
पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में “मतदाताओं को डराने, बूथों के अंदर ग़ैरक़ानूनी मौजूदगी और छेड़छाड़ की आशंका” जैसी बातें सामने आईं.
इसके बाद आयोग ने कहा कि फाल्टा विधानसभा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक फिर से मतदान होगा.
इस दौरान “कड़ी सुरक्षा व्यवस्था” की जाएगी ताकि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके.
चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पर्याप्त केंद्रीय बल, माइक्रो-ऑब्ज़र्वर और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाए ताकि “गड़बड़ी दोबारा न हो.”
पूरा चुनाव प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और सख़्त निगरानी भी होगी.
चुनाव आयोग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि फाल्टा सीट के वोटों की गिनती 24 मई को होगी
ग़ौरतलब है कि दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे.