तीन गुंडों ने युवती को घेर लिया
कोलकाता पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसी टेक्निशियन संकेत चटर्जी पिछले डेढ़ साल से गौरानगर में किराये के मकान में अपनी लिव इन पार्टनर के साथ रहते थे। गुरुवार रात उनका अपने पार्टनर से झगड़ा हो गया। लिव इन पार्टनर रूठकर आधी रात को घर से निकल गई। उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित संकेत भी उसके पीछे चल पड़े। घर के पास ही तीन लोगों ने 23 साल की युवती को घेर लिया। नशे में धुत लोगों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उनमें से एक ने उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। उसकी चीख सुनकर संकेत उसकी मदद के लिए दौड़े।
दरवाजा खटखटाकर मदद मांगी मगर..
संकेत की बहन महिमा ने पुलिस को बताया कि गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए वह गुंडों से उलझ गए। संकेत अपने पार्टनर को बचाने में कामयाब भी हो गए। इस बीच एक हमलावर ने उनके सिर पर ईंट से वार किया। चोट खाकर जब संकेत गिर गए तो हमलावरों ने बांस के डंडों से पीटना शुरू किया। संकेत को पिटता देख उनकी गर्लफ्रेंड जान की भीख मांगती रही, मगर हमलावरों ने बेरहमी से हमला जारी रखा। उनकी गर्लफ्रेंड ने पड़ोस के घरों के दरवाजे भी खटखटाए लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। परेशान युवती ने फिर दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन किया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। पुलिस संकेत को सरकारी अस्पताल ले गई, जहां सुबह करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।
जल्द ही होने वाली थी संकेत की शादी
पुलिस ने तीनों आरोपियों शंभू मंडल, सागर दास और राजू घोष को दोपहर तक गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। महिमा ने बताया कि घटना के बाद उनकी गर्लफ्रेंड बहुत सदमे में है। वह बार-बार यही कह रही है कि मैंने उसे क्यों जाने दिया? अगर मैं उसे नहीं जाने देती तो यह सब नहीं होता। महिमा ने बताया कि संकेत जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने वाले थे। दोनों परिवारों ने शादी के लिए सहमति दे दी थी।