• Sun. Mar 15th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

आपदा प्रभावित जम्मू-कश्मीर और पांच राज्यों को 1912 करोड़ रुपये वित्तीय मदद देगा केंद्र

Byadmin

Mar 13, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बाढ़, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवात ‘मोंथा’ से प्रभावित पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर को 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है।

आधिकारिक बयान में शुक्रवार को बताया गया कि आपदा प्रभावित राज्यों- आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को वित्तीय सहायता देने का निर्णय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति ने लिया।

कुल राशि में से आंध्र प्रदेश के लिए 341.48 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ के लिए 15.70 करोड़ रुपये, गुजरात के लिए 778.67 करोड़ रुपये, हिमाचल प्रदेश के लिए 288.39 करोड़ रुपये, नगालैंड के लिए 158.41 करोड़ रुपये और जम्मू और कश्मीर के लिए 330.34 करोड़ रुपये की सहायता को मंजूरी दी गई है। यह सहायता राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत राज्यों को पहले से जारी की गई धनराशि के अतिरिक्त है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र ने एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,735 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं।इसके अतिरिक्त राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष या स्टेट डिजास्टर मिटीगेशन फंड (एसडीएमएफ) से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं , जबकि राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष (एनडीएमएफ) के तहत 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

By admin