इमेज स्रोत, Balint Szentgallay/NurPhoto via Getty Images
हंगरी में 16 साल बाद विक्टर ओरबान का शासन खत्म हो गया है. क़रीब 98% वोट गिने जाने के बाद शुरुआती नतीजों में ‘तिसा पार्टी’ को 138 सीटें मिलती दिख रही हैं.
199 सीटों वाली संसद में ओरबान की ‘फ़िदेज़ पार्टी’ को 55 और धुर दक्षिणपंथी पार्टी ‘अवर होमलैंड’ को 6 सीटें मिली हैं.
तिसा पार्टी के नेता पीटर मागयार ने ओरबान को हराया है. उन्होंने डेन्यूब नदी के किनारे मौजूद भीड़ से कहा, “हमने मिलकर हंगरी की सरकार गिरा दी.”
उन्होंने यह भी बताया कि विक्टर ओरबान ने उनको फ़ोन कर जीत की बधाई दी.
दूसरी ओर, ओरबान ने अपने समर्थकों से कहा, “नतीजे साफ़ और दर्दनाक हैं. हमें 25 लाख लोगों का धन्यवाद करना चाहिए जिन्होंने हमारा साथ दिया. आने वाले दिन हमारे ज़ख़्म भरने के लिए हैं.”
इमेज स्रोत, Ferenc ISZA / AFP via Getty Images
मागयार ने कहा है कि वो ओरबान के समय किए गए बदलावों को पलटेंगे. उन्होंने वादा किया, “शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार करेंगे, भ्रष्टाचार पर रोक लगाएंगे, न्यायपालिका को स्वतंत्र बनाएंगे और उस सिस्टम को खत्म करेंगे जिसे एनईआर कहा जाता है. इसने ऑर्बान के समर्थकों को फ़ायदा पहुंचाया और सरकारी संसाधन बर्बाद किए.”
संविधान में बदलाव करने के लिए मागयार को 133 सीटों की ज़रूरत थी, ताज़ा नतीजे बताते हैं कि तिसा पार्टी को 138 सीटें मिल सकती हैं.