डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में आयोजित हो रहे वुमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट वर्ल्ड कप के बीच एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जो काफी ज्यादा शर्मनाक भी है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की महिला क्रिकेटरों की सुरक्षा में भारी चुक हुई है। इंदौर के रेडिसन ब्लू होटल के पास दो महिला क्रिकेटरों के साथ एक मनचले ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों महिला क्रिकेट होटल रेडिसन ब्लू से पैदल कैफे की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए और दोनों ने महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छेड़छाड़ होते ही दोनों महिला क्रिकेटरों ने SOS का नोटिफिकेशन भेजा और फिर सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
आरोपी अकील हुआ गिरफ्तार
सुरक्षा अधिकारी डेनी सिमंस की शिकायत पर एमओजी पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, ICC महिला क्रिकेट विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा ये दोनों खिलाड़ी अपनी बाकी टीम के सदस्योंके साथ होटल रेडिसन ब्लू में ठहरी हुई थीं।
खजराना रोड का है मामला
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे खजराना रोड की है। ऑस्ट्रेलिया की दोनों महिला क्रिकेटर कैफे (द नेबरहुड) जा रहीं थी। सफेद शर्ट और काली कैप पहने बाइक सवार पीछा करने लगा। उसने तेजी से आकर एक महिला क्रिकेटर को गलत तरीके से छू लिया। इस घटना से दोनों खिलाड़ी सहम गईं और उन्होंने तुरंत ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क करने का प्रयास किया। इस बीच खिलाड़ियों को असहज देखकर एक कार सवार व्यक्ति आगे आए और उनकी मदद की।
पुलिस में मचा हड़कंप
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों से हाल पूछा और पुलिस अफसरों को फोनकर पूरी घटना भी बताई। विदेशी खिलाड़ियों के साथ हुई इस घटना से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व प्रोटोकाल अधिकारी डैनी सिमंस से आवेदन लिया है। इस पर पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की और आरोपी को फिर गिरफ्तार कर लिया।