जेएनएन, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के एमआइजी थाना क्षेत्र के श्रीनगर (कांकड़) में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय बच्चे की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई।
आरोपित मांझा दिलाने के बहाने उसे छत पर ले गया और गंदी हरकत करने लगा। विरोध करने पर पहले बच्चे का ईंट से हमला किया फिर रस्सी से गला घोंट दिया।
इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर पलंग पेटी में छुपा दिया और ऊपर से वृद्ध दादी को सुला दिया। बता दें कि बच्चा परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी दो बहनें हैं। पिता कव्वाल हैं और वे विदेश में प्रोग्राम करते हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार रात की है। ट्यूशन से लौटते समय बच्चा घर से 40 मीटर दूर स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट (श्रीनगर मेन) में दोस्त अयान से मिलने के लिए रुक गया था।
21 वर्षीय आरोपित रेहान भी यहीं रहता हैं। बच्चे की हत्या के बाद उसने रिश्ते के चाचा राजा (नयापुरा) को बुलाया और शव को घर में रखी पलंग पेटी में छुपा दिया। आरोपित शराब और ड्रग्स का नशा करता है। उसका भाई रजा अहमद हत्या के आरोप में जेल में बंद है।