तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने 50 साल की उम्र में 65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा से शादी की। राजनीति में उम्र की बाधाओं को तोड़कर दिग्विजय सिंह मनोज तिवारी और मुकुल वासनिक जैसे कई नेताओं ने भी बाद में विवाह किया। करुणानिधि ने तीन शादियां कीं जबकि मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता से विवाह किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शादी और प्रेम की कोई तय उम्र नहीं होती, ये उम्र के किसी भी पड़ाव पर मुमकिन है। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने इसे सच साबित किया है। महुआ ने एक निजी समारोह के दौरान जर्मनी में बीजू जनता दल के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा संग शादी की। पिनाकी मिश्रा की उम्र 65 साल है और महुआ 50 साल की हैं।
महुआ ने डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी की थी, जिनसे बाद में उनका तलाक हो गया था। इसके बाद वे तीन सालों तक वकील जय अनंत देहाद्रई के साथ रिश्ते में रहीं। हालांकि, बाद में उन्होंने इसे ‘धोखा खाया प्रेमी’ कहा था। लेकिन अब आखिरकार वह वैवाहिक रिश्ते में बंध गई हैं।
विवाह और प्रेम का कोई निर्धारित समय नहीं होता। यह जीवन का वह पक्ष है जो किसी भी उम्र में दस्तक दे सकता है, चाहे वह जवानी हो या परिपक्वता की अवस्था। राजनीति में पहले भी कई ऐसे शख्सियत रहे हैं, जिन्होंने समाज के कथित तय उम्र के पार जाकर अपना जीवनसाथी चुना है। इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी राजनीतिक शख्सियतों के नाम बताएंगे जो उम्र के उत्तरार्ध में परिणेय सूत्र में बंधे।
दिग्विजय सिंह
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी पहली पत्नी आशा सिंह के निधन के बाद वर्ष 2015 में पत्रकार अमृता राय से विवाह किया। यह विवाह उनके सार्वजनिक जीवन का चर्चित हिस्सा बना, जिसे उन्होंने बिना किसी झिझक के स्वीकार किया।
तब पत्रकार अमृता राय ने इस शादी का ऐलान करते हुए फेसबुक पर लिखा था, “मैंने दिग्विजय से शादी कर ली है। हमारे रिश्ते को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रताड़ित किया जाता रहा था। हमने एक निजी समारोह में शादी कर ली है। जिन लोगों को प्यार की जरा भी समझ नहीं है उन्होंने मेरे बारे में बेहद अपमानजनक टिप्पणियां की।”

मनोज तिवारी
भाजपा सांसद और गायक-कलाकार मनोज तिवारी ने साल 2020 में लॉकडाउन के दौरान दूसरी शादी की। उन्होंने इस बारे में सार्वजनिक रूप से कहा कि यह उनका निजी निर्णय है और उन्होंने इसे सामान्य रूप में देखा। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने अपनी बेटी की परमिशन के बाद दूसरी शादी करने का फैसला लिया।
मनोज तिवारी ने साल 1999 में रानी तिवारी से शादी की थी। ये शादी साल 2012 तक चली और फिर उनका तलाक हो गया। फिर साल 2020 में उन्होंने सुरभि तिवारी से शादी कर ली।साल 2017 में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने अपने तलाक को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था, मनोज ने कहा था, ”मैं दोबारा शादी की तैयारी कर रहा हूं। मेरे लिए अकेले रहना कुछ मुश्किल है। मैं कभी अपनी पत्नी को तलाक न देता। मैं अब भी उन्हें प्यार करता हूं और अपनी बेटी और उन्हें जिंदगी में वापस चाहता हूं। सब कुछ होते हुए जिंदगी तन्हा हो तो थोड़ी तकलीफ तो होती ही है।”
एम. करुणानिधि
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. करुणानिधि ने तीन बार विवाह किया था। उनकी दूसरी और तीसरी शादी उस समय हुई जब वे पहले से एक स्थापित नेता बन चुके थे।उनकी पहली पत्नी पद्मावती का कम उम्र में निधन हो गया। पहली शादी से उनके एक बेटे एमके मुथु हैं।
इसके बाद करुणानिधि ने दयालु अम्माल और रजति अम्माल से शादी की। दयालु और करुणानिधि के बच्चे एमके अलागिरि, एमके स्टालिन, एमके तमिलारासू और बेटी सेल्वी हैं।तीसरी शादी से उनकी एक बेटी हैं, जिनका नाम एम॰ के॰ कनिमोझी हैं। फिलहाल वह डीएमके की सांसद हैं और हाल ही में ऑल पार्टी डेलिगेशन की हिस्सा भी रही थीं।
मुलायम सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने अपनी पहली पत्नी मालती देवी के बाद साधना गुप्ता से विवाह किया। यह संबंध लंबे समय तक निजी रहा था।
मुलायम सिंह यादव की पहली शादी से उनके बड़े बेटे अखिलेश यादव हैं। साधना गुप्ता, मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी थीं जो उनसे 20 साल छोटी थीं। साधना गुप्ता मूलत: इटावा के बिधुना की रहने वाली थीं। उनकी पहली शादी चंद्रप्रकाश गुप्ता नाम के व्यक्ति से 1987 में हुई थी जिनसे उनका बेटा प्रतीक है। साधना गुप्ता का निधन मुलायम सिंह यादव के निधन से कुछ महीने पहले ही हो गया था।
मुकुल वासनिक
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने वर्ष 2020 में लगभग 60 वर्ष की उम्र में विवाह किया। यह विवाह सादगी के साथ हुआ और इसमें कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। मुकुल वासनिक ने 60 साल की उम्र में अपनी दोस्त रवीना खुराना से शादी रचाई थी। दोनों लंबे वक्त से एक दूसरे को जानते थे। दोनों राजनीतिक तौर से सक्रिय रहे हैं।
शशि थरूर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और लेखक शशि थरूर ने तीन शादियां की है। उनकी पहली शादी ‘तिलोत्तमा मुखर्जी’ से हुई थी। ये शादी उन्होंने साल 1981 में की थी। लेकिन साल 2007 में दोनों अलग हो गए।इसके बाद शशि थरूर ने चेरिस्टा गिल्स से दूसरी शादी रचाई। दोनों की UN में काम करते वक्त एक दूसरे के नजदीक आए थे।गिल्स के साथ भी शशि थरूर का रिश्ता ज्यादा नहीं चल सका। साल 2010 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद थरूर ने सुनंदा पुष्कर से विवाह रचाई, लेकिन साल 2014 में सुनंदा पुष्कर दिल्ली के एक होटल में मृत पाई गईं।
आरके धवन, अर्जुन सिंह और रामविलास पासवान
कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के करीबी रहे आरके धवन ने 74 वर्ष की उम्र में पूजा नामक महिला से विवाह किया। यह विवाह समाचारों में इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि यह उच्च आयु में लिया गया निर्णय था।पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े और तृणमूल कांग्रेस से कांग्रेस में आए अर्जुन सिंह ने भी जीवन के एक स्थिर पड़ाव पर विवाह किया। वे लगभग साठ वर्ष की उम्र में शादी के बंधन में बंधे।लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान ने अपनी पहली पत्नी से अलगाव के बाद रीना शर्मा से विवाह किया था। वे तब केंद्र सरकार में मंत्री थे और राजनीतिक जीवन की ऊंचाई पर थे।यह भी पढ़ें: गोवा में 3 लोगों से जब्त की गई 5.75KG व्हेल की उल्टी, करोड़ों रुपये है इसकी कीमत; जानें क्यों इसे कहा जाता है ‘तैरता सोना’