इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि अमेरिका-ईरान वार्ता एक बार में ख़त्म हो जाएगी
या आने वाले हफ़्तों में जारी रहेगी, इसकी
उन्हें जानकारी नहीं है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या कोई बैकअप
प्लान है, तो उन्होंने कहा, “बैकअप प्लान की ज़रूरत नहीं है”.
ट्रंप ने ये बातें वर्जीनिया के
शार्लोट्सविले जाने के लिए विमान में सवार होते समय पत्रकारों से बातचीत में कही
हैं.
उनसे यह भी पूछा गया कि इस्लामाबाद
में वार्ता के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से क्या
कहा, तो ट्रंप ने जवाब दिया,
“मैंने उन्हें शुभकामनाएँ दीं”.
एक अन्य पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि
उनके मुताबिक़ ईरान के साथ एक अच्छा समझौता कैसा होगा.
इस पर उन्होंने कहा, “कोई परमाणु हथियार नहीं”, और यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि सत्ता में
बदलाव पहले ही हो चुका है.
उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज़
स्ट्रेट ईरान के सहयोग के साथ या बिना भी खुल जाएगा, हालाँकि उन्होंने कहा कि अमेरिका को इसकी ज़रूरत नहीं है.
ट्रंप ने कहा, “हम इसे बहुत जल्द खुलवा देंगे”.
अमेरिकी राष्ट्रपति से उन रिपोर्ट्स
के बारे में भी पूछा गया जिनमें कहा गया है कि ईरान होर्मुज़ से गुजरने वाले
जहाज़ों पर शुल्क लगा सकता है, इस पर
उन्होंने जवाब दिया, “हम ऐसा
नहीं होने देंगे”.