इमेज स्रोत, Reuters
इसराइल में इमरजेंसी सेवाओं का कहना है कि दक्षिणी शहर अरद में हुए ईरानी मिसाइल हमले में काफ़ी नुक़सान हुआ है.
मागेन डेविड एडोम नाम की इमरजेंसी सेवा के मुताबिक़ हमलों के बाद 88 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इनमें से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, 19 मध्यम रूप से घायल हैं, और 55 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
इन हमलों के बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अरद के मेयर से बात की. उन्होंने इन हमलों को ‘बहुत ही मुश्किल शाम’ कहा है.
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “हमारे भविष्य के लिए चल रहे इस अभियान में, आज की शाम बहुत ही कठिन है. मैंने अपने दफ़्तर के डायरेक्टर जनरल को निर्देश दिया है कि वे सभी सरकारी मंत्रालयों के साथ मिलकर, हर ज़रूरी सहायता उपलब्ध कराएँ.”
नेतन्याहू ने आगे लिखा, “मैं इस समय घटनास्थल पर काम कर रहे इमरजेंसी और बचाव दलों का मनोबल बढ़ाता हूँ, और मैं सभी लोगों से आग्रह करता हूँ कि वे ‘होम फ्रंट कमांड’ के निर्देशों का पालन करें.”
नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइल सभी मोर्चों पर अपने दुश्मनों पर हमले जारी रखेगा.