• Tue. Mar 24th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

ईरान का शहज़ादा जिसकी ज़मीन पर बना है बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल ‘पीएमसीएच’

Byadmin

Mar 24, 2026


मुराद शाह को कई स्थानीय लोग सूफ़ी की तरह पूजते हैं

इमेज स्रोत, Seetu Tiwari

इमेज कैप्शन, मुराद शाह को कई स्थानीय लोग किसी सूफ़ी की तरह पूजते हैं

    • Author, सीटू तिवारी
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

पटना के राजू साह सब्ज़ी बेचते हैं. राजू साह हफ़्ते में सोमवार और गुरुवार के दिन ‘हज़रत साहब’ के दरबार में अगरबत्ती जलाने जाते हैं.

बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल) में हज़रत साहब के मज़ार पर खड़े राजू के हाथ दुआ के लिए उठे हैं और रुमाल से ढँके हुए सिर के नीचे होंठ हिल रहे हैं.

क्या करने यहाँ आते हैं? मेरे यह पूछने पर वो आहिस्ता से कहते हैं, “बहुत फ़ायदा हुआ है हज़रत साहब से. इन्हीं की दुआ से सारा काम चलता है. परिवार में दिक़्क़त नहीं आती. यहाँ आने से बहुत आराम मिलता है.”

राजू साह जिन हज़रत साहब के मज़ार पर सालों से आ रहे हैं, वह ईरान के एक शहज़ादे मिर्ज़ा मुराद शाह की मज़ार है.

यह मज़ार पटना के अशोक राजपथ स्थित पीएमसीएच के टाटा वार्ड के पास है. कई स्थानीय लोग मिर्ज़ा मुराद शाह को किसी सूफ़ी संत की तरह पूजते हैं.

By admin