इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला किया, जिसमें कई अमेरिकी सैनिक घायल हो गए.
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से कहा कि इस हमले में 10 सैनिक घायल हुए हैं.
सूत्रों ने कहा कि, यह हमला मिसाइल और ड्रोन से हुआ था. दो अमेरिकी सैनिक ‘बहुत गंभीर’ रूप से घायल हुए हैं, जबकि आठ ‘गंभीर’ रूप से घायल हुए हैं. सेना की भाषा में इन दोनों का मतलब अलग-अलग होता है.
वहीं, पिछले 24 घंटे में कुवैत में छह ड्रोन गिराए गए हैं. कुवैत नेशनल गार्ड ने एक्स पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.
देश के पोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, “आज सुबह कुवैत के मुख्य कारोबारी बंदरगाह शुवैक़ पर हमला हुआ. इसमें सामान का नुक़सान हुआ, लेकिन कोई इंसानी जान नहीं गई.”
इस बीच, इसराइल की एंबुलेंस सेवा मगेन डेविड एडोम (एमडीए) ने बताया कि एक मिसाइल हमले में तेल अवीव में एक 52 साल के व्यक्ति की मौत हो गई.
एमडीए के प्रवक्ता ने बताया कि शहर के एक और जगह पर दो लोग घायल हुए हैं.
टाइम्स ऑफ इसराइल की रिपोर्ट के मुताबिक़, मिसाइल में क्लस्टर बम वारहेड था, जिसके छोटे-छोटे बम (बॉम्बलेट्स) बड़े इलाक़े में फैल गए.
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार रात ईरान से छोड़ी गई मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है और लोगों को ‘सुरक्षित जगह’ में रहने का निर्देश दिया है.