• Sat. Jun 14th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

ईरान पर इजरायल के हमले से 10 प्रतिशत उछला कच्चा तेल, पेट्रोलियम मंत्री बोले- चिंता की बात नहीं

Byadmin

Jun 14, 2025


इजरायल द्वारा ईरान पर हमला करने की खबर सामने आने के कुछ ही देर बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई लेकिन फिर इसमें थोड़ी गिरावट आई। इस बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। भारत के पास पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है। हमारे पास आने वाले महीनों के लिए पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है।

 पीटीआई, नई दिल्ली। इजरायल द्वारा ईरान पर हमला करने की खबर सामने आने के कुछ ही देर बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई, लेकिन फिर इसमें थोड़ी गिरावट आई। ब्रेंट 75 डालर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा था, जो गुरुवार के बंद भाव से पांच फीसदी ज्यादा है।

भारत के पास पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति

इस बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। भारत के पास पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है। उन्होंने कहा कि भारतीय तेल उद्योग के प्रमुखों के साथ ऊर्जा उपलब्धता को लेकर समय-समय पर समीक्षा की गई है। हमारे पास आने वाले महीनों के लिए पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है।

कतर भारत को प्राकृतिक गैस का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है

पश्चिम एशिया में तनाव में वृद्धि के कारण इजरायल द्वारा ईरान पर हमला के बाद वैश्विक तेल की कीमतें जनवरी के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं।

भारत कच्चे तेल की जरूरतों का 85 प्रतिशत से ज्यादा और प्राकृतिक गैस की जरूरतों का लगभग आधा हिस्सा आयात करता है। रूस भारत को कच्चे तेल का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। कतर भारत को प्राकृतिक गैस का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है।

डीजी शिपिंग ने नाविकों को दी सावधानी बरतने की सलाह

नौवहन महानिदेशालय ने शुक्रवार को ईरानी बंदरगाहों पर परिचालन करने वाले या होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी भारतीय नाविकों और भारतीय ध्वज वाले जहाजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इसमें कहा गया है कि नाविकों को सतर्क रहना चाहिए, अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए और स्थानीय सुरक्षा प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए।

By admin