• Thu. Oct 17th, 2024

24×7 Live News

Apdin News

उत्‍तराखंड के पहाड़ों में गुलाबी ठंड ने दी दस्‍तक, पोस्‍ट मॉनसून बारिश ने होने से मैदान में गर्मी बरकरार

Byadmin

Oct 17, 2024


रश्मि खत्री, देहरादून: उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान काफी कम हो गया है। जिससे रात के समय ठंड होने लगी है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में अभी भी पारा चढ़ा हुआ है। अक्टूबर का आधा महीना बीत चुका है लेकिन गर्मी जाने का नाम नहीं ले रही है।

वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सर्द होने लगा है। कुमाऊं के चंपावत, लोहाघाट और नैनीताल के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय भी लोग स्वेटर पहनने लगे हैं जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ही हल्की ठंड पड़ रही है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओस गिरने लगी है जिससे तापमान में कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अक्टूबर महीने में मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।

अक्टूबर के महीने में बारिश नाम मात्र के लिए हुई है। 2 अक्टूबर को मॉनसून की विदाई के बाद से पोस्ट मॉनसून की बारिश नहीं हुई है। इस महीने कुल 1.6 एमएम ही बारिश हुई है। बारिश न होने के कारण वातावरण से नमी खत्म हो गई है इसकी वजह से ही गर्मी अभी तक बनी हुई है।

देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी में बारिश न के बराबर हुई है। अक्टूबर के महीने में आमतौर पर ठंड शुरू हो जाती है लेकिन इस बार अभी तक दिन के समय गर्मी बनी हुई है। अब मौसम में बदलाव आने लगा है और गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। दिवाली के आसपास तक पारा 1-2 डिग्री और नीचे जाएगा। फिलहाल अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

By admin