इमेज कैप्शन, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शुक्रवार को एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में प्रदर्शन करते हुए
पढ़ने का समय: 8 मिनट
दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन का कांग्रेस ने बचाव किया है लेकिन बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की है.
बीजेपी ने इसे देश की छवि को धूमिल करने वाला करार दिया है. वहीं बहुजन समाज पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस जैसी पार्टियों ने यूथ कांग्रेस के इस रवैये की आलोचना की है. कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने भी प्रदर्शन के तरीके को गलत माना है.
राजधानी दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर पहुंचे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया था. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अब इन लोगों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. हालांकि इन कार्यकर्ताओं के वकील ने पुलिस कस्टडी का विरोध किया है.
कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने यह कहते हुए प्रदर्शन का बचाव किया और पूछा, “यूथ कांग्रेस ने कौन सा ग़लत काम किया है? यूथ कांग्रेस देश के युवाओं की आवाज़ है और उन्होंने शांतिपूर्वक ढंग से प्रदर्शन किया है.”
वहीं शनिवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को ज़ुर्म कहा.
उन्होंने कहा, ”एआई समिट में बहुत अच्छा काम चल रहा था लेकिन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वहां घुसकर प्रदर्शन किया. यह सिर्फ़ एक गलती नहीं बल्कि देश के खिलाफ़ एक जुर्म है.माफ़ी मांगने के बजाय, कई कांग्रेस नेता इसे सही ठहरा रहे हैं. यह बहुत शर्मनाक है.जब देश के हित की बात हो तो राजनीति नहीं होनी चाहिए. यह कांग्रेस पार्टी की हताशा है क्योंकि वे चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं और अब देश के खिलाफ़ काम कर रहे हैं.”
मायावती ने कहा- ‘अशोभनीय’
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मायावती ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की है
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के रवैये को ‘अशोभनीय’ कहा है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा,”नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश और विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे और यह इवेंट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्ख़ियों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है.”
उन्होंने लिखा, ”अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, लेकिन समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है. अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा.”
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की है.
उन्होंने कहा, ”ये सरकार झूठ बोलती है. धोखा देती है. ये इंटरनल मामला है हम लड़ लेंगे. अब तक पूरा देश जान गया है कि बीजेपी सरकार झूठ बोलती है. लेकिन उस तरह का प्रदर्शन नहीं करना चाहिए था जिससे हमारे देश का अपमान होता है.”
वहीं वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने इसे देश का अपमान माना है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, ” कल एआई शिखर सम्मेलन में यूथ कांग्रेस ने हम सबको शर्मिंदा महसूस कराया. हमारी राजनीति आखिर किस दिशा में जा रही है! किसी भी व्यक्ति को कभी भी अपने देश का अपमान नहीं करना चाहिए. हमारे राजनीतिक मतभेद चाहे जो भी हों, दुनिया के सामने हमें हमेशा एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए.”
वहीं राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने कहा, ” भारत और अमेरिका के बीच हुए समझौते को लेकर देश की चिंताएं वास्तविक और जायज़ हैं. लेकिन अपनी बात उठाने के लिए कौन-सा मंच चुना जाता है, यह बहुत मायने रखता है. जहां तक विरोध प्रदर्शन का सवाल है, कांग्रेस कोई बेहतर विकल्प चुन सकती थी.”
बीजेपी और यूथ कांग्रेस के बीच ज़ुबानी जंग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है
बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है. जबकि यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि हमारा मक़सद केवल विरोध करना था, लोकतांत्रिक देश में इतना अधिकार होता है.
यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, “हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, इससे देश की छवि को नुक़सान नहीं पहुंचता. छवि तब ख़राब होती है जब देश के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे बड़े यौन अपराधी (जेफ़री एपस्टीन) की सलाह पर काम करते हैं.”
इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, “एआई समिट के चमकदार मंच के पीछे सच दबाया नहीं जा सकता. जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखें और विदेश नीति में नरमी साफ़ नज़र आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है.”
“इसलिए इंडियन यूथ कांग्रेस के जाबाज़ कार्यकर्ता भारत मंडपम पहुंचे, ताकि ‘कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम’ के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद हो और देश की अस्मिता पर हो रहे समझौते पर मोदी सरकार को जवाब देना पड़े.”
दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दावा किया कि इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब से पुलिस ने पूछताछ की है.
अक्षय लाकड़ा ने एएनआई से कहा कि इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष घटना के समय वहां मौजूद भी नहीं थे, वह अपने दफ़्तर में एक मीटिंग में मौजूद थे.
“अगर आप किसी को साज़िश की धारा 120B लगाकर पकड़ सकते हैं, तो कल को आप राहुल गांधी या मल्लिकार्जुन खड़गे को भी बुला लेंगे.”
अक्षय लाकड़ा ने दावा किया, “इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब पर लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं. मैंने पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन के एसएचओ से भी मुलाक़ात की है, उदय भानु चिब को जल्द ही छोड़ दिया जाएगा.”
उन्होंने कहा कि यदि यह प्रदर्शन सुनियोजित था, तो वैध तरीक़े से कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन ऐसे मामले में ग़ैर-ज़मानती धाराएं लगाना ग़लत है.
वहीं सुप्रिया श्रीनेत ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को सही ठहराते हुए कहा, ” यूथ कांग्रेस ने कौन सा ग़लत काम किया है? यूथ कांग्रेस देश के युवाओं की आवाज़ है और उन्होंने शांतिपूर्वक ढंग से प्रदर्शन किया है. युवाओं ने यही कहा कि एक कॉम्प्रोमाइज़्ड प्रधानमंत्री ने अमेरिका से ऐसी ट्रेड डील की, जिससे भारत के किसान तबाह हो जाएंगे. हमारा डेटा अमेरिका के पास चला जाएगा और एनर्जी सिक्योरिटी के साथ समझौता कर दिया गया. बीजेपी और मीडिया का आक्रोश कल कहां था, जब नेता विपक्ष राहुल गांधी जी को बीजेपी नेता ने वीडियो बनाकर गोली मारने की धमकी दी और बाद में वो लोकसभा स्पीकर का करीबी निकला.”
वहीं बीजेपी ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की है. बीजेपी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “जब भारत एक बड़े और सम्मानित ग्लोबल एआई सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है, जहां देश अपनी तकनीक और नेतृत्व दिखा रहा है, उस समय कांग्रेस पार्टी ने गरिमा बनाए रखने की जगह बाधा डालना चुना.”
“राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर हंगामा करने लगे. यह काम साफ़ तौर पर भारत को दुनिया के सामने शर्मिंदा करने के लिए किया गया.”
बीजेपी ने लिखा, “राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुक़सान पहुंचाना सही नहीं है. भारत इससे बेहतर का हक़दार है.”
इस प्रदर्शन का विरोध करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “जब पूरा विश्व भारत को एआई इम्पैक्ट समिट की मेज़बानी करते हुए देख रहा था और तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना.”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी इसकी निंदा की थी.
इस घटना के विरोध में बीजेपी युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन भी किया था.
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे बीजेवाईएम के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.
सोशल मीडिया पर क्या बोल रहे हैं लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को गलत माना है (फ़ाइल फ़ोटो)
सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
पत्रकार राजदीप देसाई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ” ग्लोबल एआई समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया शर्टलेस विरोध प्रदर्शन. असहमति जताने का अधिकार उन्हें संविधान ने दिया है, लेकिन क्या अपनी आवाज़ उठाने के इससे बेहतर तरीके नहीं हो सकते थे? एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन को बाधित करना, जहां चर्चा का केंद्र भविष्य की तकनीक है, न कि रोज़मर्रा की राजनीति, निश्चित ही उचित नहीं कहा जा सकता.”
उन्होंने एक्स पर लिखा, ”यह एक मूर्खतापूर्ण और अक्षम्य काम है. राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को बाधित करना और भारत को शर्मिंदा करना पूरी तरह गलत है.कांग्रेस पार्टी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए.”
पत्रकार मृणाल पांडे ने लिखा, ”कांग्रेस जैसी वरिष्ठ पार्टी की गरिमा के लिहाज़ से ऐसा प्रदर्शन शोभनीय नहीं .”
पत्रकार ज़का जैकब ने लिखा, ” यह पूरी तरह शर्मनाक है! छोटी-मोटी राजनीति के लिए यह बिल्कुल भी उचित मंच नहीं है. यह भारत का वैश्विक एआई क्षण है. इसे राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए. यूथ कांग्रेस ने इस “बनियान हंगामे” से देश का कोई भला नहीं किया है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.