डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। शनिवार को 51.8 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि किसी वितरण केंद्र पर गैस की कोई कमी नहीं है।
इसके अलावा अब तक 42,500 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने माईपीएनजीडीडाटइन वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किए हैं।मंत्रालय ने बताया कि मार्च से अब तक 5.45 लाख पीएनजी कनेक्शन जोड़े गए हैं।

साथ ही 2.62 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए भी बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। इस बीच आनलाइन घरेलू एलपीजी सिलिंडरर बुकिंग 98 प्रतिशत तक बढ़ गई है। वितरक स्तर पर डायवर्जन रोकने के लिए उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्रमाणीकरण कोड आधारित डिलीवरी(डीएसी) लगभग 94 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है। शनिवार को वाणिज्यिक एलपीजी के भी 4.8 लाख सिलिंडरर वितरित किए गए। एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी है।

शनिवार को देशभर में 2,100 से अधिक छापे मारे गए। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 310 एलपीजी वितरण केंद्रों पर अनियमितता पाए जाने पर जुर्माना लगाया है जबकि 70 वितरण केंद्रों को निलंबित किया गया है। सरकार ने कहा है कि देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
साथ ही नागरिकों को घबराकर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की खरीदारी करने से बचने और सही जानकारी के लिए आधिकारिक स्त्रोतों पर निर्भर रहने की सलाह दी है। सरकार ने कहा कि सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार बनाए रखा गया है।