जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ऑनलाइन आतंकवाद की साजिश से जुड़े एक मामले एनआइए ने बुधवार को 20 जगहों पर छापेमारी की। देश में तलाशी अभियान चलाया। इस साजिश का उद्देश्य आइसिस और भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा (एक्यूआइएस) जैसे आतंकवादी संगठनों की विचारधारा को बढ़ावा देकर लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद के माध्यम से भारत में इस्लामी राज्य की स्थापना करना था।
आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने इसी वर्ष मार्च में मुख्य आरोपित रहमतुल्ला शरीफ मोहम्मद के निवास पर छापेमारी के बाद यह मामला दर्ज किया था। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठनों आइसिस और एक्यूआइएस से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी।
एनआईए के मुताबिक, मामले की जांच के तहत आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में कुल 20 जगहों पर एक साथ छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। अब तक 11 लोगों और एक किशोर को पकड़ा जा चुका है।
एनआईए ने कहा कि बुधवार को जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनकी पहचान पहले से जब्त डिजिटल उपकरणों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई। आरोपित जिहादी विचारधारा का प्रचार करने और भारत-विरोधी साजिश को आगे बढ़ाने के लिए विदेशी हैंडलर के साथ आनलाइन संपर्क में थे। गिरफ्तार आरोपित और उनके सहयोगी हिंसक जिहादी सामग्री और गलत जानकारी के जरिये देश भर के आसानी से प्रभावित होने वाले युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में लगे हुए थे।
गोरखपुर में पेंट कारोबारी और बुलंदशहर में मेडिकल स्टोर संचालक के घर छापेमारी
एनआईए की टीम यूपी एटीएस के साथ गोरखपुर के इलाहीबाग में पेंट कारोबारी कमाल अहमद के घर छापेमारी की। इनपुट था कि कमाल अहमद का नाबालिग भांजा जिहादी विचारधारा का ऑनलाइन प्रचार-प्रसार कर युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की साजिश में शामिल है।
बिहार के सिवान का रहने वाला किशोर बचपन से मामा के घर रहता है। एनआईए ने उसके पास से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक पेनड्राइव समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए। उसके विदेशी हैंडलर के साथ ऑनलाइन संपर्क के साक्ष्य भी मिले हैं। टीम ने घर में मौजूद किशोर सहित उसकी मां और उसके मामा-मामी से अलग-अलग पूछताछ की।
एनआईए ने बुलंदशहर में मेडिकल स्टोर संचालक खुशबुद्दीन उर्फ अल्लीमुद्दीन के मकान पर छापा मारा और उसके बड़े पुत्र कादिर से लगभग सात घंटे पूछताछ की और उसका मोबाइल फोन ले गई।
आरोप है कि कादिर ने इंटरनेट मीडिया पर देश विरोधी पोस्ट को लाइक किया और साइट को कई बार खोलकर देखा।
जोधपुर में आईएसआई हैंडलर के घर एनआईए ने छापा मारा
एनआईए की टीम जोधपुर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर जीशान (19) के घर पर छापेमारी की है। एनआईए की टीम सुबह दस बजे जोधपुर के नई सड़क क्षेत्र में स्थित जीशान के घर पहुंची और दोपहर दो बजे तक वहां छानबीन करने के साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है।
अधिकारियों ने जीशान के बैंक खातों, उसके खर्च, मोबाइल और निरंतर रूप से संबंध रखने वालों के बारे में जांच पड़ताल की है। साथ ही दस्तावेज भी जब्त किए हैं। उसकी बुलेट बाइक भी जब्त की गई है।