• Sat. Nov 28th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

कनीमोझी बनीं सूत्रधार, साल भर चली बातचीत… परिसीमन बिल पर BJP और DMK के बीच डील की इनसाइड स्टोरी

Byadmin

Nov 28, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को लेकर रास्ता साफ हो गया है। कैबिनेट से इसे मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे संसद में पेश किया जाएगा। विधेयक के पक्ष में वोट करने के लिए सरकार ने कई विपक्षी पार्टियों को राजी किया है। उन्हीं में से एक डीएमके के 22 सांसद विधेयक के पक्ष में वोट करेंगे। डीएमके को राजी करने के लिए सरकार लगभग एक साल से बातचीत कर रही थी।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान डीएमके अपनी दो मांगों पर कायम रही। पहली ये कि तमिलनाडु के लिए सीटों की संख्या में आनुपातिक वृद्धि करना और दूसरी 1971 की जनगणना को आधार मानते हुए अगले 25 वर्षों तक इसे यथावत (फ्रीज) रखना।

बैठक के बाद लगेगी फैसले पर मुहर

पार्टी ने इस फैसले पर मुहर लगाने के लिए शनिवार को अपने 22 लोकसभा सदस्यों और 8 राज्यसभा सदस्यों की एक बैठक बुलाई है। डीएमके संसदीय दल की नेता कनिमोझी राजाथी करुणानिधि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले ही बीजेपी के साथ बातचीत करने वाली मुख्य नेता रही हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि अप्रैल में जब यह बिल पहली बार पेश किया गया था, उससे पहले से ही बीजेपी डीएमके के संपर्क में थी।

डीएमके के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “उस समय डीएमके की वजह से ही यह बिल गिर गया था। मौजूदा व्यवस्था भी डीएमके की ही देन है। जब बीजेपी ने संपर्क किया तो पार्टी नेतृत्व ने उनके सामने दो मांगें रखीं। यह नया बिल एक उचित समझौता है। यह डीएमके और तमिलनाडु दोनों के लिए फायदेमंद होगा।”

डीएमके को किस बात का था डर

बीजेपी का तर्क था कि अगर यह बिल गिर जाता है तो जनगणना की एक नई प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और अगले साल से इससे जुड़े संवैधानिक प्रावधान लागू हो जाएंगे। कई महीनों तक परिसीमन के प्रति डीएमके के विरोध का मुख्य कारण यह डर था कि तमिलनाडु को 10 सीटें गंवानी पड़ सकती हैं। अप्रैल में स्टालिन ने परिसीमन विधेयक के मसौदे को जला दिया था और इसे एक काला कानून करार दिया था।

पार्टी ने कहा कि अगर 2027 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण किया जाता है तो तमिलनाडु जैसे राज्यों को नुकसान हो सकता है जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया है। चेतावनी दी गई थी कि लोकसभा सीटों में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम हो सकती है और 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों की संख्या को स्थिर रखने (फ्रीज करने) की व्यवस्था को 25 साल और बढ़ाने की मांग की गई थी।

डीएमके ने क्या तर्क दिया

असल में स्टालिन ने मार्च 2025 में मुख्यमंत्रियों की एक बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर व्यापक राजनीतिक सहमति बनाने की भी कोशिश की थी। बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें निष्पक्ष परिसीमन की मांग की गई। डीएमके का अब तर्क है कि उसके पहले किए गए विरोध के कारण ही बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार को कुछ सुरक्षा उपाय देने पड़े, जिससे पार्टी अपने विरोध को राजनीतिक फायदे में बदलने में सफल रही।

पार्टी के कुछ सहयोगी टीवीके के साथ चले गए हैं और इसने इंडी गठबंधन भी छोड़ दिया है, जिससे अब इस पर कांग्रेस और अन्य पूर्व सहयोगियों की आलोचनाओं का खतरा बढ़ गया है। एक नेता ने कहा, “सिर्फ इसलिए कि कांग्रेस चिंतित है हम तमिलनाडु के हितों के खिलाफ नहीं जा सकते। अगर हमने पहले इस बिल का विरोध न किया होता तो शायद हम यह प्रस्ताव खो देते। चूंकि बीजेपी इन दो मांगों को शामिल करने के लिए तैयार है, इसलिए हमें कुछ खोना नहीं पड़ेगा बल्कि भविष्य में और फायदा ही होगा।”

अगस्त में विधानसभा में टीवीके सरकार द्वारा पारित एक प्रस्ताव का डीएमके ने समर्थन किया। इस प्रस्ताव में केंद्र से आग्रह किया गया है कि लोकसभा की मौजूदा संख्या 543 सीटों को ही बरकरार रखा जाए।

एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी और न ही अपने सिद्धांतों से पीछे हटेगी। उन्होंने कहा, “डीएमके इन दो मांगों पर मजबूती से कायम है और आगे भी कायम रहेगी। हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता।”

By admin