Karnataka News कर्नाटक के हुबली से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर पांच साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी नितेश कुमार पर पोक्सो अधिनियम के तहत हत्या और बलात्कार का भी मामला दर्ज है। नितेश कुमार दो या तीन महीने पहले कर्नाटक के हुबली पहुंचा था।
पीटीआई, हुबली। कर्नाटक के हुबली में रविवार सुबह पांच साल की एक बच्ची का अपहरण कर हत्या कर दी गई। इस घटना के विरोध में लोगों के सड़कों पर उतरने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपित को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
पुलिस की फायरिंग में मारे गए आरोपित की पहचान बिहार के पटना निवासी 35 वर्षीय रितेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बच्ची का अपहरण कर आरोपित ने अशोक नगर थाना क्षेत्र में उसकी हत्या कर दी। बाद में उसका शव एक खाली पड़े घर में मिला।
बच्ची की हत्या से लोगों में फैला आक्रोश
हत्या की घटना सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अशोक नगर पुलिस थाने के सामने एकत्र हो गए। सभी ने न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपित को हिरासत में लेकर तीन से चार घंटे तक पूछताछ की गई। उसने घटना को लेकर पुलिस से बहुत ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में वह अपराध करते हुए साफ तौर पर दिख रहा था।
दो महीने पहले हुबली आया था आरोपी
उन्होंने कहा कि आरोपित कई सालों से घर से दूर था। जहां भी काम मिलता था, वह वहीं चला जाता था। पुलिस आयुक्त ने कहा कि माना जा रहा है कि वह दो-तीन महीने पहले हुबली आया था। वह तारिहाला अंडरपास के पास एक खाली पड़े घर में रह रहा था। पहचान सत्यापित करने के लिए उसे उसके ठहरने वाले स्थान पर ले जाया गया। इसी दौरान उसने अचानक पुलिस वाहन पर पत्थर फेंका।
पुलिस अधिकारी पर आरोपी ने किया हमला
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने भागने की कोशिश करने से पहले उसने पुलिस अधिकारियों पर हमला किया। हमारी महिला अधिकारी अन्नपूर्णा ने चेतावनी देते हुए हवा में गोली चलाई। जब वह नहीं रुका तो उस पर दो से तीन राउंड फायर किए गए। एक गोली उसके पैर में लगी और दूसरी उसकी पीठ में लगी। इससे आरोपित बेहोश हो गया। उसे तुरंत केएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना में तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल
आयुक्त के अनुसार, बच्ची का परिवार कोप्पल जिले का रहने वाला है। उसकी मां एक ब्यूटी पार्लर में सहायक के रूप में काम करती है, जबकि उसके पिता एक फोटोग्राफर हैं। मां अपनी बेटी को साथ ले गई थी। वहीं से उसका अपहरण कर लिया गया।खोज करने पर वह पास ही बने एक अस्थाई घर के बाथरूम में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह पूछे जाने पर कि क्या दुष्कर्म का प्रयास हुआ था, आयुक्त ने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh News: 25 ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में गिरी, पांच लोग लापता
देश-दुनिया की हर ताज़ा खबर और सटीक जानकारी, हर पल आपके मोबाइल पर! अभी डाउनलोड करें- जागरण ऐप