• Thu. May 14th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

कर्नाटक में स्कूलों और कॉलेजों में हिजाब, जनेऊ पहनने की अनुमति पर कैसी है चर्चा

Byadmin

May 14, 2026


कर्नाटक

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, कर्नाटक में शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब को लेकर काफ़ी विवाद हुआ था (फ़ाइल फ़ोटो)

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने पिछली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार के 2022 के आदेश को रद्द करते हुए स्कूल और कॉलेज के छात्रों को हिजाब, जनेऊ, पगड़ी, शिव माला और रुद्राक्ष पहनने की अनुमति दे दी है.

सरकारी आदेश में सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी शैक्षणिक संस्थानों में निर्धारित यूनिफॉर्म के साथ “सीमित सामुदायिक या आस्था-आधारित प्रतीकों” की अनुमति दी गई है. यह नया नियम आगामी शैक्षणिक वर्ष से लागू होगा.

आदेश में कहा गया है, “हालांकि, ऐसे पारंपरिक और रीति-रिवाज आधारित प्रतीक यूनिफॉर्म के साथ सामंजस्यपूर्ण होने चाहिए और वे यूनिफॉर्म की मूल भावना या मक़सद को प्रभावित, परिवर्तित या कमज़ोर नहीं करने चाहिए.”

इसमें यह भी कहा गया है कि इससे “अनुशासन, सुरक्षा और छात्र की पहचान” में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए. परीक्षाओं में उपस्थिति से जुड़े नियम पहले जैसे ही रहेंगे.

प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा ने पत्रकारों से कहा, “कई घटनाएं हुई हैं. 24 अप्रैल को एक छात्र से जनेऊ हटाने के लिए कहा गया था. ऐसी बातें हमारे बच्चों की शिक्षा के रास्ते में नहीं आनी चाहिए. मुझे लगता है कि हमें यह फ़ैसला बहुत पहले कर लेना चाहिए था.”

By admin