डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक के शिवमोग्गा स्थित ‘विशाल मार्ट’ मॉल में रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। जहां दूसरी मंजिल से नीचे आते समय अचानक तकनीकी खराबी के कारण एक लिफ्ट बीच में ही रुक गई। इससे लिफ्ट में में सवार नौ लोग करीब आधे घंटे तक अंदर फंसे रहे।
लिफ्ट के अंदर फंसे लोग घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। लिफ्ट के न खुलने और अंदर अफरा-तफरी मचने के बाद, आपातकालीन हेल्पलाइन (112) की सूचना पर दमकल और आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
सभी लोग सुरक्षित
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने भारी मशक्कत और कटर मशीन के इस्तेमाल के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आए लोगों के बीच दहशत फैल गई।
बरती गई विशेष सावधानी
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने विशेष सावधानी बरती और अंदर फंसे लोगों को नुकसान पहुंचाने से बचने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। दरवाजा खोलने के अन्य प्रयास विफल होने के बाद कर्मचारियों ने एक कटर मशीन मंगवाई, जिसके मदद से दरवाजे को तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारी अंदर फंसे लोगों की हालत की बार-बार जांच कर रहे थे और उन्हें दिलासा देने की कोशिश कर रहे थे।
इस घटना ने व्यावसायिक भवनों में लिफ्ट के रखरखाव और आपातकालीन तैयारियों को लेकर चिंताएं बढ़ा दीं, खासकर मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों में जहां खराब उपकरण जल्दी ही एक गंभीर सुरक्षा जोखिम में बदल सकते हैं।