इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने ईरान के साथ ‘संभावित बातचीत’ को लेकर लगाए जा रहे कयासों को शांत करने की कोशिश की है.
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि दोनों पक्ष समझौते की दिशा में “बड़ी” प्रगति कर रहे हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मध्य पूर्व में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि ‘पूरी तरह समाधान’ के मुद्दे पर ‘सकारात्मक बातचीत’ हुई है.
हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बातचीत वाले बयान को नकार दिया है.
इस बीच ईरान युद्ध के मुद्दे पर अलग-अलग नेताओं की तरफ से आ रहे बयानों के बीच ऐसी ख़बरें भी सामने आने लगीं कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में इस बातचीत में शामिल हो सकते हैं.
लेकिन व्हाइट हाउस का कहना है फ़िलहाल हालात “अस्थिर” है. उसने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के किसी भी शीर्ष नेता के बीच किसी औपचारिक बैठक की घोषणा नहीं की गई है.
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने बीबीसी को दिए एक बयान में कहा, “ये संवेदनशील कूटनीतिक चर्चाएं हैं और अमेरिका प्रेस के माध्यम से बातचीत नहीं करेगा.”
लेविट ने कहा, “यह एक अस्थिर स्थिति है, और बैठकों को लेकर लगाए जा रहे कयासों को तब तक अंतिम नहीं माना जाना चाहिए जब तक कि व्हाइट हाउस इसकी औपचारिक घोषणा न कर दे.”