• Wed. Aug 5th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

क्या रैपिडो राइड के लिए इस्तेमाल हुई तेलंगाना पुलिस की बाइक? वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल

Byadmin

Aug 5, 2026


डिजिटल डेस्क, वारंगल। तेलंगाना में एक अजीब सा विवाद उस वक्त खड़ा हो गया जब कथित तौर पर पुलिस पेट्रोलिंग बाइक का इस्तेमाल कमर्शियल रैपिडो राइड के लिए किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह मामला तब सामने आया जब तेलंगाना के वारंगल में एक रैपिडो यात्री ने अंबेडकर जंक्शन से सुबेदारी तक 26 रुपये की राइड बुक की। यात्री को हैरानी तब हुई जब राइडर कथित तौर पर पुलिस की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर TS 09 PC 2795) लेकर पहुंचा, जो एनुमामूला पुलिस स्टेशन से जुड़ी हुई थी।

पुलिस की गाड़ी इस्तेमाल करने पर उठाया सवाल

जब यात्री ने पुलिस की गाड़ी के इस्तेमाल पर सवाल उठाया तो बाइक चलाने वाले ने दावा किया कि यह मोटरसाइकिल उसे एक दोस्त ने दी थी, जो पुलिस कॉन्स्टेबल है। हैरान यात्री ने इस बातचीत का वीडियो बना लिया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिससे सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग पर सवाल उठने लगे।

बताया जा रहा है कि यह मोटरसाइकिल उन ब्लू कोल्ट गाड़ियों में से एक है, जिनका इस्तेमाल पुलिस इमरजेंसी में कार्रवाई करने, गश्त करने और अपराध वाली जगहों पर तेजी से पहुंचने के लिए करती है। प्राइवेट कमर्शियल सर्विस के लिए इसके कथित इस्तेमाल ने जवाबदेही और पुलिस के संसाधनों के सही इस्तेमाल को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

पुलिस बाइक के इस्तेमाल की हुई पुष्टि

एनमामुला सर्कल इंस्पेक्टर जे. सुरेश ने पुष्टि की कि मोटरसाइकिल पुलिस स्टेशन की थी और इसका इस्तेमाल एसआई शंकर कर रहे थे, जबकि गुव्वा सिद्धार्थ कथित तौर पर इसे रैपिडो सेवाओं के लिए इस्तेमाल कर रहे थे।

इस घटना के बाद जे सुरेश ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर को चेतावनी दी गई थी और उन्होंने एसआई शंकर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसे वारंगल के पुलिस कमिश्नर को भेज दिया गया है।

By admin