डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरकार ने एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र समेत सेना के 70 जवानों व अधिकारियों को वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है। 13 शौर्य चक्र में से 10 थलसेना के जवानों (एक मरणोपरांत), दो नौसेना और एक अर्धसैनिक बल के अधिकारियों को प्रदान किए गए हैं।
शौर्य चक्र पाने वालों में 21 पैरा (स्पेशल फोर्स) से लेफ्टिनेंट कर्नल घाटगे आदित्य श्रीकुमार, 32 असम राइफल्स से मेजर अंशुल बाल्टू, पांच पैरा (स्पेशल फोर्स) से मेजर शिवकांत यादव, 42 राष्ट्रीय राइफल्स से मेजर विवेक मेच, 11 पैरा (स्पेशल फोर्स) से मेजर लीशांगथेम दीपक सिंह और छह पैरा (स्पेशल फोर्स) से कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकू शामिल हैं।
एक असम राइफल्स से सूबेदार पीएच मोसेस, चार राष्ट्रीय राइफल्स से बलदेव चंद (मरणोपरांत), तीन असम राइफल्स से राइफलमैन मंगलम सांग वैफेई और 33 असम राइफल्स से राइफलमैन ध्रुबा ज्योति दत्ता थलसेना से शौर्य चक्र पाने वाले अन्य लोग हैं।
नौसेना की दो महिला अधिकारियों लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के. और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. को शौर्य चक्र प्रदान किया गया है। राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों और दूसरे जवानों के लिए 301 सैन्य अलंकरणों को भी मंजूरी दी है।
इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, चार उत्तम युद्ध सेवा पदक, 56 अति विशिष्ट सेवा पदक, नौ युद्ध सेवा पदक, दो बार टू सेना पदक (विशिष्ट), 43 सेना पदक (विशिष्ट), आठ नौसेना पदक (विशिष्ट), 14 वायु सेना पदक (विशिष्ट) और 135 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)