• Sat. Mar 7th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

गल्फ देशों से आने-जाने वाली 142 फ्लाइट रद, दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक परेशान रहे यात्री

Byadmin

Mar 7, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के चलते शुक्रवार को मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता हवाई अड्डों पर 140 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद कर दी गईं। कुछ एयरलाइनों ने आंशिक रूप से संचालन शुरू कर दिया और उनमें से कुछ पश्चिम एशिया के कुछ गंतव्यों के लिए सीमित सेवाएं संचालित कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि चार हवाई अड्डों पर कम से कम 142 उड़ानें रद की गईं, जिनमें मुंबई हवाई अड्डे पर 39 प्रस्थान और 34 आगमन शामिल हैं। बेंगलुरु हवाई अड्डे पर कुल 33 उड़ानें रद की गईं, जिनमें 15 प्रस्थान और 18 आगमन शामिल हैं, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 प्रस्थान और 14 आगमन रद किए गए।

कोलकाता हवाई अड्डे पर कुल 7 उड़ानें (4 प्रस्थान और 3 आगमन) रद की गईं। एक्स पर पोस्ट में अकासा एयर ने कहा कि वह मुंबई-जेद्दा-मुंबई उड़ान संचालित करेगी। एयरलाइन ने शनिवार को मुंबई, अहमदाबाद और कोच्चि से जेद्दा के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है।

स्पाइसजेट ने कहा कि वह यूएई से फंसे यात्रियों को वापस लाने को 14 उड़ानें संचालित करेगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में स्थिति की निगरानी कर रहा है और गुरुवार को भारतीय एयरलाइनों ने कुल 281 उड़ानें रद कीं।

भारतीय दूतावास ने दोहा में भारतीयों के लिए यात्रा सलाह जारी की

दोहा में भारत के दूतावास ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर में भारतीय प्रवासियों के लिए सऊदी अरब के बाहर वीजा, ट्रांजिट और यात्रा के संबंध में जानकारी प्रदान की। दूतावास ने कतर में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा प्राप्त करने में सहायता के लिए एक पंजीकरण लिंक दिया है।

जिन भारतीयों के पास सऊदी अरब से बाहर यात्रा करने के लिए पुष्टि की गई टिकट हैं, वे इस लिंक का उपयोग कर सकते हैं। भारतीयों को सूचित किया गया कि ”सऊदी अरब के लिए सलवा भूमि सीमा पार करने का विकल्प फिलहाल खुला है। कतर एयरवेज ने कतर हवाई क्षेत्र के बंद होने के चलते अपनी उड़ान संचालन की अस्थायी निलंबन अवधि बढ़ा दी है।

By admin