इमेज स्रोत, X/Shelly Kittleson
इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण हो गया है. इराक़ी और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों में से एक का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया से है.
अल-मॉनिटर नाम की न्यूज़ वेबसाइट ने बताया कि अमेरिकी फ़्रीलांस पत्रकार शैली किटलसन का मंगलवार शाम को अपहरण किया गया.
इराक़ के गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपहर्ताओं का पीछा किया. इस दौरान एक अपहर्ता की गाड़ी पलट गई और एक संदिग्ध को गिरफ़्तार कर लिया गया.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ़्तार व्यक्ति का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया ग्रुप “कताइब हिज़्बुल्लाह” से है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के असिस्टेंट सेक्रेटरी डिलन जॉनसन ने पत्रकार के अपहरण की पुष्टि की लेकिन उन्होंने किटलसन का नाम नहीं लिया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “विदेश मंत्रालय ने पहले ही पत्रकार को उनके ख़िलाफ़ ख़तरे के बारे में चेतावनी दी थी. हम एफ़बीआई के साथ मिलकर उनकी जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं.”
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बीबीसी को दिए बयान में कहा, “गोपनीयता और अन्य कारणों से, इस समय हमारे पास साझा करने के लिए और कुछ नहीं है.”