• Tue. Mar 24th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

चीन में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पाकिस्तान में स्कूल-कॉलेज बंद; ऊर्जा संकट से निपटने के लिए किस देश ने निकाला कौन-सा रास्ता?

Byadmin

Mar 24, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के लंबे समय तक चलने की वजह से ऊर्जा संकट का प्रभाव पूरी दुनिया में दिखने लगा है।

एशिया से लेकर अफ्रीका और यूरोप तक, सरकारों ने सीमित ईंधन भंडार को बढ़ाने के लिए सार्वजनिक अवकाश, घर से काम करने के आदेश, ईंधन राशनिंग और औद्योगिक बंद सहित कई कदम उठाए हैं।

चीन ने ईंधन की कीमतें बढ़ाईं

चीन ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए खुदरा ईंधन की कीमतों में वृद्धि की है। गत मंगलवार को घोषणा की गई कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमश: 1,160 युआन और 1,115 युआन प्रति टन की वृद्धि होगी। रिपोर्टों के अनुसार, चीन के पास लगभग चार महीने का आपातकालीन भंडार है।

पाकिस्तान में बंद स्कूल-कॉलेज

पाकिस्तान ने रविवार को उच्च-ऑक्टेन यानी प्रीमियम ईंधन की कीमतों में 200 पाकिस्तानी रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया है, जिससे यह 300 पाकिस्तानी रुपये हो जाएगी।

सरकारी कर्मचारियों के लिए चार दिन का कार्य सप्ताह निर्धारित किया गया है और 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम पर भेजा गया है। स्कूल और कालेज भी दो सप्ताह के लिए बंद कर दिए गए हैं।

श्रीलंका में सार्वजनिक अवकाश

श्रीलंका में बीते बुधवार को स्कूलों, विश्वविद्यालयों और गैर-आवश्यक सरकारी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया।

राष्ट्रीय ईंधन पास (क्यूआर-आधारित राशनिंग) पुन: लागू किया गया। निजी वाहनों के लिए 15 लीटर प्रति सप्ताह और सार्वजनिक परिवहन के लिए 200 लीटर की सीमा निर्धारित की गई है।

बांग्लादेश में तेल डिपो पर सेना तैनात

बांग्लादेश में बिजली की खपत कम करने के लिए सभी विश्वविद्यालय, विदेशी पाठ्यक्रम वाले स्कूल और कोचिंग सेंटर बंद कर दिए गए हैं और ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की गई हैं।

आठ मार्च से ईंधन राशनिंग लागू की गई है। घरों में पांच घंटे का बारी-बारी से बिजली कटौती की जा रही है। भंडार की सुरक्षा के लिए प्रमुख तेल डिपो पर सेना तैनात की गई है। गैस की कमी के कारण 5 में से 4 सरकारी उर्वरक संयंत्र बंद करने पड़े हैं।

न्यूजीलैंड में कार-मुक्त दिवस

न्यूजीलैंड सरकार 1979 की कार-मुक्त दिवस नीति को फिर से लागू करने पर विचार कर रही है, जिसके तहत वाहन चालक सप्ताह में एक दिन वाहन न चलाने का निर्णय लेंगे।

ईंधन भंडार की निगरानी के लिए एंबर अलर्ट प्रोटोकाल सक्रिय कर दिए गए हैं। जेट ईंधन की उच्च कीमतों के कारण एयर न्यूजीलैंड की लगभग 1,100 उड़ानें रद कर दी गईं।

मिस्त्र में जल्दी बंद होंगे मॉल-रेस्तरां

मिस्त्र 28 मार्च से, माल, रेस्तरां और खुदरा दुकानें रात 9 बजे तक बंद हो जाएंगी। सरकारी इमारतें शाम 6 बजे तक बंद हो जाएंगी। बिजली की खपत कम करने के लिए रोशन बिलबोर्ड बंद कर दिए गए हैं।

वियतनाम में व्यवसायों से घर से काम करने की सुविधा देने का आग्रह किया गया है। यहां सार्वजनिक परिवहन, साइकिल चलाना और कारपूलिंग को बढ़ावा दिया गया।

म्यांमार में निजी वाहनों के लिए ऑड-ईवन की व्यवस्था लागू की गई है। यहां ईंधन की व्यापक कमी के कारण स्थानीय पेट्रोल पंप बंद होने की खबरें हैं।

कंबोडिया में देश के लगभग 6,300 पेट्रोल स्टेशनों में से एक तिहाई मार्च के मध्य में बंद हो गए। लाओस में सरकारी कर्मचारियों के लिए घर से काम करना अनिवार्य कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- ‘भारत में LPG और पेट्रोल की कोई कमी नहीं’, होर्मुज पार कर 92 हजार टन गैस लेकर भारत आ रहे दो जहाज

By admin