डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठ गए हैं। विश्वविद्यालय की अंतिम वर्ष की एक छात्रा ने इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर प्रोफेसर जी. गणावेल बाबू पर पिछले तीन साल से लगातार यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
छात्रा ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जिसमें कहा गया कि प्रोफेसर उसे अश्लील संदेश भेजते थे, देर रात फोन कर अनुचित बातचीत करते थे और व्यक्तिगत रूप से भी परेशान करते थे।
पीड़िता छात्रा ने बताया कि दूसरे वर्ष में इंटर्नशिप में मदद करने के बहाने प्रोफेसर ने उसका विश्वास जीता और उसके बाद उत्पीड़न शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने उसे बाहर मिलने के लिए दबाव डाला, जिससे वह डर गई।
छात्रा ने फोन और सोशल मीडिया पर प्रोफेसर को ब्लॉक कर दिया था, लेकिन वह उसके दोस्तों के माध्यम से संपर्क बनाए रखते थे। छात्रा का यह भी कहना है कि प्रोफेसर ने अन्य छात्राओं को भी परेशान किया है और उनके खिलाफ पहले भी शिकायतें दर्ज हुई थीं।
शुक्रवार को मामले के सामने आने के बाद अन्ना विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के एक बड़े समूह ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रोफेसर के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और कैंपस में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में प्रोफेसर के खिलाफ शिकायतें पहले भी की जा चुकी थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर गणावेल बाबू को गिरफ्तार कर लिया है।