डिजिटल डेस्क, चेन्नई। दक्षिण भारत से चोरी की एक ऐसी खबर आ रही है जो हैरान कर देगी। इस घटना में पीड़ित के पास पैसे नहीं होने पर चोरों ने पहले उसे लोन दिलवाया फिर उसे लूट लिया।
चोरी का ये हैरान करने वाला मामला चेन्नई का है। यहां पर चार लोगों ने पहले एक 21 साल के लड़के को किडनैप किया। किडनैप करने के बाद अपहरणकर्ता उसे ऑटो में बैठा कर पल्लीकरनई इलाके में घुमाते रहे। इस दौरान पीड़ित ने अपहरणकर्ताओं से कहा कि उसके पास पैसे नहीं है।
पैसे नहीं होने पर भी नहीं बदला लूट का इरादा
अपहरकर्ताओं ने जब उस शख्स के पास पैसे नहीं होने की बात सुनी तो भी उन्होंने अपना लूट का इरादा नहीं बदला। इसके बाद उन्होंने बिल्कुल ही अनोखे अंदाज से लूट की घटना को अंजाम दिया। आप जान कर हैरान हो जाएंगे कि बिना पैसे भी कैसे लूट को अंजाम दिया जाता है।
पैसे नहीं होने पर दिलवाया लोन
सबसे पहले तो अपहरणकर्ताओं ने उसे प पर लोन के लिए आवेदन करने को कहा। जब पीड़ित का लोन मंजूर हो गया तब बदमाश उसे लेकर एटीएम गए। वहां पर उन्होंने उसके एटीएम से 9500 रुपये निकाल लिए। इस तरह उन्होंने पूरी लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश जाते-जाते उसका मोबाइल भी लेकर चले गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पल्लीकरनई की पुलिस ने इस लूट की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस जांच के दौरान आरोपी साई अबुथाकिर उर्फ अबु (18), पूबालन (23), संजय (21) और प्रकाश राज (22) के बारे में पता चला।
अपहरणकर्ता गिरफ्तार, ऑटो जब्त
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपहरण करने में इस्तेमाल हुए ऑटो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।