• Tue. Feb 3rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

जनरल एमएम नरवणे कौन हैं और अप्रकाशित किताब में ऐसा क्या लिखा है जिस पर हो रहा है हंगामा

Byadmin

Feb 3, 2026


जनरल एमएम नरवणे

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, जनरल एमएम नरवणे दिसंबर 2019 से अप्रैल 2022 तक भारतीय सेना के 28वें सेना प्रमुख रहे हैं

लोकसभा में सोमवार और मंगलवार का दिन काफ़ी हंगामेदार रहा था. इसकी वजह कांग्रेस के सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भाषण रहा जिस पर विवाद हो गया था.

उन्होंने कारवां मैगज़ीन में एक अप्रकाशित किताब (फ़ॉर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी) पर छपे लेख के अंश पढ़ने की कोशिश की थी. यह किताब पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद (एमएम) नरवणे ने लिखी है.

राहुल गांधी ने लोकसभा में सोमवार को कहा, “इस पत्रिका में नरवणे जी ने कहा है कि यह उनका संस्मरण है. जो सरकार प्रकाशित नहीं होने दे रही है. मैं इसमें से सिर्फ़ पांच लाइन पढ़ना चाहता हूं.” जिस पर भाजपा के नेताओं ने आपत्ति जताई और कहा कि अप्रकाशित किताब के अंश कैसे पढ़े जा सकते हैं.

फिर राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा, “यह कहते हैं कि आतंकवाद से लड़ते हैं, लेकिन ये एक उद्धरण से डरते हैं. इसमें क्या लिखा है जिससे वो घबरा रहे हैं और मैं बोल नहीं पा रहा हूं. अगर ये डर नहीं रहे हैं तो मुझे पढ़ने की इजाज़त दें.”

राहुल गांधी जिस अप्रकाशित किताब के कुछ अंश पढ़ रहे थे, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ वह किताब जनवरी 2024 में बाज़ार में आने वाली थी लेकिन भारतीय सेना इस किताब की जांच कर रही है.

By admin