संजय मिश्र, नई दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सूबे की राजनीति की बजाय अब राज्यसभा में भेजे जाने के एनडीए के फैसले को नेतृत्व का तख्ता पलट करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद पार्टी ने इसे बिहार के लोगों के जनादेश के साथ बहुत बड़ा धोखा बताते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया और कहा कि जी-2 द्वारा यह सत्ता परिवर्तन किया गया है।
कांग्रेस ने नीतीश के राज्यसभा जाने को ‘तख्ता पलट’ बताया
कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने एक पोस्ट में कहा ‘बिहार के चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वही अब सच साबित हो गई है। जी-2 द्वारा रची गई साजिश के तहत बिहार में तख्ता पलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है। कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।’
जयराम ने कहा कि नीतीश के राज्यसभा में जाने के साथ ही भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी और धीरे-धीरे जेडीयू को निगल जाएगी। प्रदेश कांग्रेस के नेता भी हाईकमान के सुर में सुर मिलाते हुए नीतीश की विदाई के बाद सूबे में कांग्रेस के लिए भविष्य की उम्मीद जगने की संभावनाएं देखते नजर आए।
कांग्रेस को बिहार में मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने का अवसर
बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार झा ने कहा कि जनादेश के साथ धोखा किए जाने के पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बात को हम प्रदेश के लोगों के बीच ले जाएंगे। उनके अनुसार इस घटनाक्रम ने साबित किया है कि भाजपा अपने पुराने साथी दलों का क्या राजनीतिक हश्र करती है और नीतीश कुमार के नामांकन के साथ ही जदयू के विघटन की शुरूआत की नींव पड़ गई है।
झा ने कहा कि राज्य की जनता को धोखे और प्रपंच की राजनीति नहीं चाहिए और इसलिए कांग्रेस के पास अब बिहार में विकल्प बनने का सुनहरा मौका है। ऐसे में नीतीश के दिल्ली आने के बाद कांग्रेस हाईकमान को बिहार में मजबूत ताकत के रूप में उभरने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है क्योंकि राज्य की जनता भाजपा-जदयू से ठगा महसूस कर रही है।