डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भोपाल की पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में दिए उनके एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने मनमर्जी से दूसरे धर्म में शादी करने वाली लड़कियों को लेकर उनके परिवार वालों को कंट्रोल में रखने की सलाह दी है।
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि यदि उनकी बेटियां उनकी (माता-पिता की) इच्छा के विरुद्ध कार्य करती हैं तो उन्हें शारीरिक दंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपनी बेटियों को “गैर-हिंदुओं” के घर जाने से रोकना चाहिए और अगर वे नहीं मानें तो “उनके पैर तोड़ देने चाहिए”।
अपने मन को मजबूत करो…
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, “अपने मन को मजबूत करो और इतना मजबूत बनाओ कि अगर हमारी बेटी हमारी बात न माने, किसी गैर-हिंदू के घर जाए, तो उसकी टांगें तोड़ने में कोई कसर न छोड़ें। जो लोग संस्कारों का पालन नहीं करते और अपने माता-पिता की बात नहीं मानते, उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए। अगर बच्चों की भलाई के लिए उन्हें मारना भी पड़े, तो पीछे मत हटो। जब माता-पिता ऐसा करते हैं, तो वह अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए करते हैं, उन्हें टुकड़ों में कटकर मरने नहीं देते।”
ऐसी लड़कियों के प्रति सतर्क रहें
उन्होंने कहा आगे कहा कि ऐसी लड़कियां जो मूल्यों का पालन नहीं करतीं, माता-पिता की बात नहीं मानतीं, बड़ों का सम्मान नहीं करतीं और घर से भागने को तैयार रहती हैं… उनके प्रति अधिक सतर्क रहें। उन्हें घर से बाहर न जाने दें, उन्हें पीटकर, समझाकर, शांत करके, प्यार करके या डांटकर रोकें।”
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह का यह बयान जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, विवाद खड़ा होने लगा। वहीं, कांग्रेस ने इस बयान को लेकर भाजपा पर घृणा फैलाना का आरोप लगया है।प्रज्ञा सिंह पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि मध्य प्रदेश में (कथित धर्म परिवर्तन के) केवल सात मामलों में दोषसिद्धि होने पर इतना शोर और नफरत क्यों फैलाई जा रही है?