इमेज कैप्शन, जसप्रीत बुमराह ने 12वें ओवर में दो विकेट हासिल किए
पढ़ने का समय: 2 मिनट
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है.
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत सधी हुई रही. लेकिन भारत के गेंदबाजों ने मिडिल ओवर्स में जोरदार वापसी की है. भारत ने वेस्टइंडीज के चार बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेज दिया है.
18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट गंवाकर 175 रन है.
17वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ वेस्टइंडीज ने 14 रन स्कोर किए.
16वें ओवर में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने अर्शदीप सिंह के खिलाफ 24 रन स्कोर किए.
15वें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या ने शरफेन रदरफोर्ड का विकेट लिया. उन्होंने 9 गेंद पर 14 रन बनाए.
बुमराह ने 12वें ओवर में कमाल किया है. इस ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने हेटमायर का विकेट लिया, जबकि 5वीं गेंद रॉस्टन चेज को आउट किया.
हेटमायर ने 12 गेंद में 27 रन बनाए. वहीं चेज ने 25 गेंद में 40 रन की पारी खेली.
इससे पहले भारत की ओर से की जा रही कसी हुई गेंदबाजी के बाद वेस्टइंडीज के ओपनर शे होप दबाव में आए. उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने बोल्ड कर दिया.
शे होप 33 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वेस्टइंडीज ने टॉस गंवान के बाद अच्छी शुरुआत की थी
इससे पहले भारत के पास एक विकेट लेने का मौका था, लेकिन 5वें ओवर की 5वीं गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर फील्डिंग कर रहे अभिषेक शर्मा ने रॉस्टन चेज का कैच छोड़ दिया. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह 5वां ओवर डाल रहे थे.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है.
भारत की प्लेइंग 11 में इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है. वहीं वेस्टइंडीज की टीम में एक बदलाव हुआ है. वेस्टइंडीज की प्लेइंग 11 में अकील हुसैन की वापसी हुई है और ब्रैंडन किंग बाहर हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा ये मैच एक तरह से वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है, क्योंकि इस मैच में जिस भी टीम को जीत मिलेगी वो सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी.
इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुके हैं. हालांकि इस मैच के नतीजे के बाद ही ये तय होगा कि सेमीफाइनल में किस टीम के खिलाफ कौन सी टीम खेलती हुई नजर आएगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.