इमेज कैप्शन, सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ तूफानी पारी खेली
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते अमेरिका के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 162 रन का लक्ष्य रखा है.
लगातार गिरते हुए विकेटों के बीच सूर्यकुमार यादव ने 84 रन की कप्तानी पारी खेलते हुए भारत के स्कोर को 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन तक पहुंचाया.
सूर्यकुमार यादव की पारी में 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे.
अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन खर्च कर चार भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा एक भी रन नहीं बना पाए
इससे पहले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
हालांकि भारत की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली गेंद पर ही पवेलियन वापस लौट गए.
दूसरे ओवर में ही लगे झटके बाद तिलक वर्मा ने ईशान किशन के साथ मोर्चा संभालने की कोशिश की.
लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में ईशान किशन 20 रन बनाकर आउट हो गए. वैन शाल्कविक को उनका विकेट मिला. 5.2 ओवर में 45 के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके थे.
तिलक वर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और छठे ओवर में ही वो 16 गेंद में 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे तो पहले ही गेंद पर ही पवेलियन वापस लौट गए. 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 46 रन पर चार विकेट था.
पावरप्ले में ही चार विकेट गंवाने का असर भारत के रनों की रफ्तार पर देखने को मिला. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 63 रन तक ही पहुंचा.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने पावरप्ले में चार विकेट लेकर भारत को दबाव में ला दिया था
रनों के लिए संघर्ष करते हुए रिंकू सिंह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए. वो 14 गेंद में 6 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे. भारत ने 11.4 ओवर में 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे.
भारत की मुश्किलें तब और ज्यादा बढ़ गई जब 13वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए. उन्होंने महज पांच रन की पारी खेली. 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट गंवाकर 77 रन ही था.
अक्षर ने जरूर 11 गेंद में 14 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 100 के पार पहुंचाने में सूर्यकुमार यादव की मदद की.
सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद में 84 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 20 ओवर में 161 के स्कोर तक पहुंचाया.
अमेरिका के लिए शैडली वैन शाल्कविक के अलावा हरमीत सिंह ने दो विकेट लिए.
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं. लेकिन एक दिन पहले ही हर्षित राणा के स्थान पर टीम में शामिल हुए मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 में शामिल होने का मौका मिला.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.