डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीमारमण ने शुक्रवार को आयकर अधिकारियों से कहा कि वे टैक्स देने वालों की जिंदगी आसान बनाएं और जान-बूझकर टैक्स चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करें।
प्रारंभ 2026: इनकम टैक्स एक्ट, 2025 पर देशव्यापी जागरूकता अभियान को संबोधित करते हुए मंत्री ने यह भी भरोसा जताया कि एक अप्रैल से लागू होने वाला इनकम टैक्स एक्ट, 2025, निश्चित रूप से भारत को एक बहुत ही टैक्स-फ्रेंडली देश बनाने की दिशा में मददगार साबित होगा।
टैक्स चोरी करने वालों को सिस्टम खोज निकलेगा- सीतारमण
सीतारमण ने कहा, “टैक्स देना इतना आसान बना दें कि ईमानदारी अपने आप ही पहली पसंद बन जाए। लेकिन जो लोग जान-बूझकर टैक्स चोरी कर रहे हैं, जो लोग जान-बूझकर बचने की कोशिश कर रहे हैं, तकनीक का प्रयोग करके उन्हें जरूर पकड़ना चाहिए। अगर आप ईमानदार हैं, तो सिस्टम आपकी जिंदगी आसान बना देगा, लेकिन अगर आप टैक्स चोरी करते हैं, तो सिस्टम आपको खोज निकालेगा। यह संदेश टैक्स देने वालों तक पहुंचना चाहिए।”
सीतारमण ने कर अधिकारियों से यह भी कहा कि वे पूरे भारत में जागरूकता सत्र आयोजित करें ताकि लोगों को स्थानीय भाषाओं में नए टैक्स कानूनों के बारे में शिक्षित किया जा सके। उन्होंने मुकदमों को कम करने के लिए भी अधिकारियों को जोरदार प्रयास करने के लिए कहा।
मंत्री ने कहा, “हर वह मामला जो किसी ट्रिब्यूनल या अदालत में जाता है, वह हमारे सिस्टम की नाकामी है और हम सभी पर एक काला धब्बा है।”
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)