इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर आई रॉयटर्स की एक रिपोर्ट को पूरी तरह ख़ारिज किया है.
दरअसल, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाज़ी में कोई भी व्यापार समझौता करने से इनकार कर दिया है और डील में बेहतर शर्तों की उम्मीद कर रहा है.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर इस ख़बर को ‘पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और भ्रामक’ बताया है.
पीयूष गोयल ने लिखा, “जून में नई दिल्ली दौरे पर आए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ मेरी शानदार बैठकें हुई थीं. दोनों पक्षों ने एक ऐसे व्यापार समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो संतुलित हो, सार्थक हो और दोनों देशों के कारोबार, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं के लिए लाभ सुनिश्चित करे.”
उन्होंने आगे लिखा, “हमारी टीमें इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं.”
रॉयटर्स की रिपोर्ट को कोट करते हुए भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, “फेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने किसी भी प्रस्ताव को ख़ारिज नहीं किया है.”
उन्होंने लिखा, “दोनों पक्षों के बीच बेहद सकारात्मक बैठकें हुईं और ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई. हम इस दिशा में लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं.”
गौरतलब है कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के फ़्रेमवर्क को लेकर अहम बैठक जून के आख़िर में नई दिल्ली में हुई थी.