• Sun. Apr 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

डोनाल्ड ट्रंप ने ‘जानलेवा हमले की कोशिश’ से जुड़े सवाल पर दिया ये जवाब

Byadmin

Apr 26, 2026


डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Image

इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि डिनर कार्यक्रम से पहले उनकी टीम को किसी भी सुरक्षा ख़तरे की जानकारी नहीं थी

व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ
आयोजित डिनर कार्यक्रम में फ़ायरिंग के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा
व्यवस्था को लेकर बयान दिया है.

ट्रंप ने कहा कि डिनर कार्यक्रम से
पहले उनकी टीम को किसी भी सुरक्षा ख़तरे की जानकारी नहीं थी.

पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब
ट्रंप से पूछा गया कि क्या पहले से कोई संकेत मिले थे, तो उन्होंने कहा, “कोई
सूचना नहीं थी.”

उन्होंने कहा कि उन्हें हमले के पीछे
की मंशा नहीं पता, लेकिन उन्होंने संदिग्ध के बारे में
कहा कि वह “काफ़ी ख़तरनाक दिखता है.”

राष्ट्रपति ने कहा कि संदिग्ध
“क़रीब 50 गज़ की दूरी” से दौड़ता हुआ आया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अपने हथियार निकाल लिए.

अधिकारियों ने कैलिफ़ोर्निया में
संदिग्ध के अपार्टमेंट पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है.

जब एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि ‘उनकी जान लेने की कोशिशों’ के पीछे वजह क्या हो सकती है.

तो ट्रंप ने कहा कि उन्होंने
राजनीतिक हत्याओं के बारे में पढ़ा है और उनका मानना है कि लोग उन व्यक्तियों को
निशाना बनाते हैं जिन्होंने “सबसे बड़ा असर” डाला हो.

उन्होंने अमेरिका के पूर्व
राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का ज़िक्र किया, जिनकी
हत्या कर दी गई थी.

हाल के वर्षों में ट्रंप पर दो बार
जानलेवा हमले की कोशिश हो चुकी है. पुलिस ने अब तक आज रात (शनिवार) के हमलावर की
मंशा नहीं बताई है.

जब ट्रंप से पूछा गया कि आज की घटना
जुलाई 2024 में पेनसिल्वेनिया के बटलर में हुई रैली से किस तरह अलग थी, जहां एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की
थी.

ट्रंप ने कहा कि वह ऐसी घटनाओं को
लेकर चिंतित नहीं रह सकते, लेकिन
बटलर के मुक़ाबले आज रात सुरक्षा व्यवस्था कहीं बेहतर थी.

उन्होंने कहा कि बटलर में भी उनकी
टीम के पास एक स्नाइपर था, जिसने
हमलावर को जल्दी ढेर कर दिया था.

ट्रंप ने कहा कि आज रात हमलावर
बॉलरूम के क़रीब नहीं पहुंच सका, क्योंकि
उसे पूरी तरह सील कर दिया गया था.

By admin