• Tue. Feb 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

तिरुअनंतपुरम में महिला पुरुष की और पुरुष महिला की नहीं कर सकेंगे मसाज

Byadmin

Feb 10, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तिरुअनंतपुरम नगर निगम के महापौर वीवी राजेश ने सोमवार को स्पा केंद्रों में क्रॉस-मसाजिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय संस्कृति के खिलाफ है और राजधानी में इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं हुआ, तो शहर की संस्कृति पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।

भाजपा महापौर की यह टिप्पणी राजधानी में अवैध गतिविधियों में संलिप्त स्पा केंद्रों खासतौर पर क्रॉस-मसाजिंग के खिलाफ विशेष अभियान की घोषणा के एक दिन बाद आई। यह कदम पथानामथिट्टा जिले के तिरुवल्ला में हुई हालिया घटना के बाद उठाया गया, जहां एक गैंग्सटर ने पैसे देने से इनकार करने पर एक स्पा कर्मचारी से दुष्कर्म किया था।

महापौर ने बताया कि पहले चरण में शहर सीमा के भीतर संचालित सभी स्पा केंद्रों की जोनवार जांच की जाएगी। इसमें दस्तावेजों की सत्यता, लाइसेंस और अनुमत गतिविधियों का सत्यापन शामिल होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कानून के अनुसार किसी स्पा में योग्य मसाज थेरेपिस्ट की अनिवार्यता है और वह मौजूद नहीं है, तो इसे अवैध माना जाएगा। महापौर ने कहा कि महिलाओं द्वारा पुरुषों और पुरुषों द्वारा महिलाओं की मसाज से अलग तरह की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। अगर कोई गतिविधि कानूनन वैध है, तो हस्तक्षेप की जरूरत नहीं लेकिन अवैधता पर सख्त कार्रवाई होगी।

स्पा कर्मी में दुष्कर्म मामले में एक और गिरफ्तार

पथनमथिट्टा के तिरुवल्ला में एक गैंग्सटर द्वारा स्पा कर्मी से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान पथनमथिट्टा जिले के निरानम निवासी वरुण कुमार के रूप में हुई है जो सुबिन अलेक्जेंडर के गिरोह का सदस्य है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इससे पहले मुख्य आरोपित सुबिन अलेक्जेंडर और उसके करीबी बर्लिन दास को गिरफ्तार किया जा चुका है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

By admin