इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘मेहर’ के अनुसार, तेहरान में धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं और देश के एयर डिफ़ेंस सिस्टम “दुश्मन के हमलों को नाकाम करने में लगे हुए हैं.”
हालांकि इसराइल ने ईरान पर नए हमलों की घोषणा नहीं की है. लेकिन आईडीएफ़ के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने एक्स पर लिखा, “ईरानी शासन के हथियार बनाने वाले उद्योगों के ख़िलाफ़ इसराइल अपने हमलों को तेज़ कर रहा है, और एक हज़ार से ज़्यादा उत्पादन केंद्रों को निशाना बना रहा है.”
इससे पहले गुरुवार रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले दस दिनों के लिए रोके जा रहे हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान समझौता करना चाहता है.
ट्रंप पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका देश अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है.
बीबीसी पर्शियन की वरिष्ठ रिपोर्टर ग़ोचेह हबीबीज़ाद ने बताया है कि उन्हें कई लोगों ने तेहरान में धमाकों की आवाज़ सुनने की जानकारी दी है.
30 साल के एक शख़्स ने उन्हें बताया, “ऐसा लगता है जैसे हमारे दिमाग़ को अब इन धमाकों की आदत होती जा रही है. ठीक वैसे ही जैसे हम इंटरनेट बंद होने के आदी हो गए हैं. हम एक अलग ही तरह से जीना सीख रहे हैं… प्रतिबंधों, महँगाई, ख़तरे, सामाजिक दबाव, युद्ध और बिना इंटरनेट की ज़िंदगी.”
ईरान में इस समय इंटरनेट लगभग बंद है, लेकिन फिर भी कुछ लोग किसी तरह इंटरनेट से जुड़ने में कामयाब हो जाते हैं.