
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
प्रवेश वर्मा, नई दिल्ली

प्रवेश वर्मा ने इस बार नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराकर उलटफेर किया है। प्रवेश वर्मा 2013 के विधानसभा चुनावों में महरौली सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2015 में पश्चिमी दिल्ली सीट से बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। साल 2019 में उन्होंने फिर से पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और 4.78 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की। वह, दिल्ली के सीएम रहे साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
आशीष सूद, जनकपुरी

आशीष सूद दिल्ली में बीजेपी का पंजाबी चेहरा हैं। उनका राजनीतिक सफर दिल्ली यूनिवर्सिटी से शुरू हुआ। उन्होंने कॉमर्स में डिग्री हासिल की और छात्र राजनीति में सक्रियता दिखाई। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े और कई पदों पर रहते हुए छात्र राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़ी। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के अध्यक्ष रह चुके हैं। 1980 के दशक में बोफोर्स घोटाले जैसे भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलनों का नेतृत्व किया। 2002 में उन्होंने दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष, महासचिव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाई।
मनजिंदर सिंह सिरसा, राजौरी गार्डन
मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली में बीजेपी के प्रमुख सिख चेहरा हैं। वह तीसरी बार राजौरी गार्डन से विधायक चुने गए हैं। सिरसा दिल्ली के सबसे अमीर विधायकों में शुमार हैं। मनजिंदर सिंह सिरसा के पास 248 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सिरसा ने चुनावी राजनीति की शुरुआत 2007 में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का चुनाव शिअद उम्मीदवार के रूप में लड़कर की और विजयी हुए। सिरसा दिसंबर 2019 में अकाली दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। सिरसा वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव हैं। वह पूर्व में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष और महासचिव रह चुके हैं।
कपिल मिश्रा, करावल नगर
कपिल मिश्रा की पहचान बीजेपी के फायरब्रांड नेता के रूप में हैं। पार्टी ने उन्हें इस बार करावल नगर से टिकट दिया था। बीजेपी की सरकार में कपिल मिश्रा एकमात्र ऐसे मंत्री हैं जिन्हें सरकार में मंत्री पद संभालने का अनुभव है। कपिल दिल्ली कैबिनेट में पूर्वांचली चेहरे के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने 23 हजार वोटों से इस बार चुनाव जीता था। मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी के सदस्य हुआ करते थे। लेकिन 2019 में वे बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी ने अगस्त 2023 में मिश्रा को दिल्ली बीजेपी का उपाध्यक्ष बनाया। कपिल मिश्रा को राजनीति विरासत में मिली है।
रविंद्र इंद्राज, बवाना
रविंद्र इंद्राज बवाना से विधायक हैं। रविंद्र दलित समुदाय से आते हैं। बीजेपी ने अपने कैबिनेट में जातिगत समीकरण को देखते हुए इन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया है। इंद्राज बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी हैं। उनके पिता इंद्राज सिंह भी नरेला सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। इंद्राज ने बवाना सीट पर आम आदमी पार्टी के विधायक जय भगवान उपकार को 31 हजार से अधिक वोटों से हराया।
डॉ. पंकज सिंह, विकास पुरी
पंकज सिंह भी पूर्वांचली चेहरे के रूप में दिल्ली सरकार में शामिल हुए हैं। पंकज सिंह मूल रूप से बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं। वह पहली बार विधायक चुने गए हैं। इन्हें मंत्री बनाकर बीजेपी ने पूर्वांचली वोटरों को साधने की कोशिश की है। पंकज कुमार सिंह का जन्म 6 नवंबर 1977 को दिल्ली के विकासपुरी में हुआ था। उनके पिता राज मोहन सिंह एमसीडी में अडिशनल कमिश्नर थे। सिंह पेशे से एक डेंटिस्ट हैं। उन्होंने 1998 में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया, बिहार से BDS की डिग्री हासिल की। उनकी पत्नी रश्मि कुमारी भी डेंटिस्ट हैं। पंकज सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत MCD के पार्षद के रूप में की थी।