पीटीआई, नई दिल्ली। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफार्म के संस्थापक दीपिंदर गोयल अपने नए स्टार्टअप के लिए ऐसे एथलीट की तलाश कर रहे हैं जो इंजीनियर और वैज्ञानिक भी हों।
उन्होंने शुक्रवार को पोस्ट कर अपने स्टार्टअप ‘टेंपल’ में भर्ती के लिए असामान्य विज्ञापन जारी किया। दीपिंदर ने पात्रता मानदंड में पुरुषों के लिए बॉडी फैट (शरीर में चर्बी प्रतिशत) की मात्रा 16 प्रतिशत से कम और महिलाओं के लिए 26 प्रतिशत से कम होने की शर्त भी रखी।
इस विज्ञापन को लेकर इंटरनेट मीडिया पर लोग हैरत जता रहे हैं। दीपिंदर ने पिछले महीने जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी ईटर्नल के प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ के पद से इस्तीफा दिया था। उन्हें ईटर्नल का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अपने पोस्ट में दीपिंदर ने कहा कि वह एनलॉग सिस्टम इंजीनियर्स से लेकर कंप्यूटेशनल न्यूरोसाइंटिस्ट्स और अन्य पदों के लिए भर्ती कर रहे हैं। उनका स्टार्टअप ‘शीर्ष स्तर के एथलीट’ के लिए उन्नत पहनने-योग्य उपकरण (वियरेबल डिवाइस) विकसित कर रहा है।
केवल वही लोग आवेदन करें जो फिटनेस पर काफी ध्यान देते हैं। जिनके शरीर में चर्बी 16 प्रतिशत (पुरुष) और 26 प्रतिशत (महिला) से कम हो वही आवेदन करें। अगर आपके शरीर में चर्बी मानक से अधिक है तो तीन महीने में चर्बी कम करने का वादा कर आवेदन कर सकते हैं, लेकिन तब तक आप प्रोबेशन पर रहेंगे। उनकी इस पोस्ट पर इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने हैरत जताया।
एक यूजर ने कहा, मजेदार बात यह है कि 16 प्रतिशत से कम बाडी फैट के लिए पुरुषों को जोमैटो एप का इस्तेमाल बंद करना होगा।
एक अन्य यूजर ने बेहतरीन फिटनेस प्रोडक्ट बनाने और बॉडी फैट प्रतिशत के बीच के संबंध पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई उत्कृष्ट स्पोर्ट्स टेक उन इंजीनियरों ने बनाए हैं जो खुद अच्छे एथलीट नहीं थे। दीपिंदर के पोस्ट इस संबंध में जोमेटो के प्रवक्ता ने अभी टिप्पणी नहीं की है।